फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: झारखंड सेना भूमि बिक्री मामले में हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित; PM पर फारूक अब्दुल्ला की टिप्पणी

Fri, 10 May 2024 10:24 PM IST
मेघा झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
सेना की जमीन बेचने से जुड़े एक अहम मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी होने के बाद शुक्रवार को फैसला सुरक्षित रख लिया। राजधानी रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन की तरफ से दायर इस याचिका में सेना की भूमि बिक्री मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से दस्तावेज मांगे गए थे। रंजन पर राजधानी रांची के बरियातू इलाके में सेना की 4.55 एकड़ जमीन की बिक्री में संलिप्त होने का आरोप है। रंजन ने अदालत को बताया कि खुद का बचाव करने के लिए उन्हें ईडी के पास मौजूद कुछ दस्तावेजों की जरूरत है। इससे पहले उच्च न्यायालय पिछले साल अक्तूबर में उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी है। गौरतलब है कि 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी रंजन पर मनी लॉन्ड्रिंग और कुछ बिल्डरों और भू-माफियाओं के साथ मिलीभगत का आरोप है। इस मामले में ईडी ने रंजन के अलावा 10 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पिछले साल अप्रैल में रांची में छापेमारी की थी। 4 मई, 2023 को रंजन को गिरफ्तार किया था। रंजन ने हाईकोर्ट से पहले ईडी की विशेष अदालत और निचली अदालत के समक्ष भी याचिका दायर की थी, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई थी।
विज्ञापन


शिबू सोरेन के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने लोकपाल से मांगा जवाब
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो नेता शिबू सोरेन बेनामी संपत्ति के मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की शिकायत पर यह मामला लोकपाल, सीबीआई और दिल्ली हाईकोर्ट के समक्ष लंबित है। ताजा घटनाक्रम में हाई कोर्ट ने लोकपाल से झामुमो की याचिका पर जवाब मांगा है। झामुमो ने उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सीबीआई से झामुमो की संपत्तियों की जांच करने को कहा गया है। बता दें कि भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की इकाई लोकपाल ने निशिकांत दुबे की शिकायत पर सीबीआई को झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन से जुड़ी कथित बेनामी संपत्तियों की जांच करने को कहा है। जांच छह महीने के भीतर पूरी की जानी है। दुबे ने दावा किया है कि शिबू सोरेन ने रांची, धनबाद और दुमका सहित झारखंड के कई जिलों में बेनामी संपत्तियां अर्जित की हैं। उनका दावा है कि सोरेन ने इन संपत्तियों को अपने नाम, अपने परिवार के सदस्यों, दोस्तों, सहयोगियों और कंपनियों के नाम पर रखा है।

स्कूलों के खुलने पर झारखंड सरकार का फैसला
झारखंड से ही जुड़े एक अन्य अहम घटनाक्रम में राज्य सरकार ने शुक्रवार को एक नोटिस जारी कर सभी स्कूलों को 13 मई से कक्षाएं फिर से शुरू करने की अनुमति दी है। दरअसल, बढ़ते तापमान के कारण 29 अप्रैल से कक्षा आठवीं तक को छुट्टी दे दी गई थी, जबकि नौ से बारहवीं की कक्षाओं को सुबह सात से 11.30 बजे तक आयोजित करने की अनुमति दी गई थी। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है, इससे गर्मी से राहत मिली है। 
विज्ञापन


28 हजार से अधिक फोन ब्लॉक करेगी सरकार; 20 लाख की दोबारा जांच
केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय ने 28 हजार से अधिक मोबाइल फोन बंद करने के साथ-साथ 20 लाख से अधिक मोबाइल कनेक्शन का दोबारा वेरिफिकेशन कराने का आदेश दिया है। साइबर अपराधियों पर नकेल करने की इस कवायद में दूरसंचार मंत्रालय के अलावा केंद्रीय गृह मंत्रालय औ राज्यों की पुलिस भी सहयोग करेगी।



फारूक अब्दुल्ला ने भारत के महापुरुषों का जिक्र कर क्या कह दिया?
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने देश की सियासत और विचारधारा को लेकर एक राजनीतिक सवाल पर कहा, 'भारत महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और डॉ राजेंद्र प्रसाद जैसी विभूतियों का देश है।' उन्होंने कहा कि भाजपा धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने का प्रयास कर रह है, लेकिन वास्तविकता यह है कि दोनों अलग हैं ही नहीं। उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी का भारत नहीं है। भाजपा की मंशा कभी कामयाब नहीं होगी।

मुंबई एयरपोर्ट से तीन दिन में 7.44 करोड़ कीमत का सोना और 12 लाख नकद जब्त

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर  सीमा शुल्क विभाग ने अलग-अलग मामलों में 7.44 करोड़ रुपये मूल्य का 11.62 किलोग्राम सोना और आईफोन और 12 लाख रुपये जब्त किए हैं। बताया गया है कि मंगलवार से गुरुवार के बीच प्रतिबंधित पदार्थ जब्ती के 18 मामलों में कार्रवाई की गई और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर दो वाहनों की टक्कर, तीन की मौत

महाराष्ट्र में सुबह-सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर ट्रक के ब्रेक फेल होने से वह दो गाड़ियों से टकरा गया। जिससे 3 लोगों की मौत हुई और 8 गंभीर रूप से घायल हैं। महाराष्ट्र में भोर घाट के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण वह नियंत्रण खो बैठा ओर दो गाड़ियों में टक्कर मार दी। जिससे तीन लोग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को आनन-फानन में खोपोली के अस्पताल ले जाया गया।

श्रीलंका की जेल से रिहा हुए तीन मछुआरे

श्रीलंका जेल में बंद तीन मछुआरों को रिहा किया गया। रिहाई के बाद सुबह तीनों चेन्नई हवाई अड्डा पहुंचे। चार अप्रैल को तीन मछुआरों को रामेश्वरम के थंगाचिमादम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। श्रीलंका पुलिस ने अनुसार इन्होंने मछली पकड़ने की समुद्री सीमा पार कर दी थी। इसलिए श्रीलंका नेवी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। तीनों जेल से रिहा होकर शुक्रवार सुबह चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचाए गए।

केरल में दो बसों के बीच दोपहिया वाहन फंस जाने से दो की मौत

शुक्रवार को सुबह लगभग सवा छह बड़े एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पलारीवट्टोम के पास केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की दो बसों के बीच दो पहिया वाहन फंस जाने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि दोपहिया वाहन केएसआरटीसी बस के पीछे था, तभी दूसरी बस पीछे से आई। पीछे वाली बस मोटरसाइकिल और उसके आगे वाली बस से टकरा गई। इससे मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पीछे वाली बस के चालक को हिरासत में ले लिया गया। केएसआरटीसी बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

महाराष्ट्र में नशे की हालत में हंगामा करने के आरोप मं तीन लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के पालघर के विरार इलाके में तीन लड़कियां नशे की हालत में हंगामा कर रही थीं। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें वे हंगामा करती हुई पुलिसकर्मियों से भी गाली-गलौज कर रही थीं। तीनों लड़कियों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की। तीनों पर आईपीसी की धारा 353, 323, 325, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों के वसई कोर्ट में भी पेश किया गया। तीनों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भी भेजा गया।

संदेशखाली के भाजपा नेता ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया

पंश्चिम बंगाल के संदेशखाली के भाजपा नेता गंगाधर कोयल ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने दावा किया है कि कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें उनकी आवाज की नकल कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों से अपील की है कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।  

रक्षा मंत्रालय ने लागू किया अंतर सेवा संगठन अधिनियम

रक्षा मंत्रालय ने अंतर-सेवा संगठन (कमांड, नियंत्रण और अनुशासन) अधिनियम को एक राजपत्र में अधिसूचित किया गया है और इसे 10 मई से लागू किया गया है। थिएटर कमांड की परिकल्पना को पूरा करने के लिए यह काम किया गया है। इस कमांड (थिएटरीकरण) के तहत थल सेना, जल सेना और वायु सेना की एक एक यूनिट को एक मंच पर लाया जाएगा। तीनों सेनाओं की क्षमताओं को एकीकृत किया जाएगा। 

सीडीएस चौहान की मौजूदगी में भी थिएटरीकरण पर मंथन
सैन्य थिएटर पर सरकार और सेना कितनी गंभीर है, इसकी बानगी रक्षा मंत्रालय से जुड़े एक और आयोजन में भी दिखी। देश के सर्वोच्च सैन्य अधिकारी- चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने परिवर्तन चिंतन 2.0 बैठक की अध्यक्षता की। इसमें मल्टी डोमेन ऑपरेशन करने में सक्षम कुशल और प्रभावी सैन्य थिएटरीकरण पर बातें हुईं। सीडीएस की मौजूदगी में चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी उप-समितियों के बीच कई पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। रक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस आयोजन का मकसद भारत की क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए निर्धारित लक्ष्यों और महत्वपूर्ण सुधारों पर मंथन था।

 

तमिल नाडु में ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

राजकीय रेलवे पुलिस ने शुक्रवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया है। रेलवे पुलिस का कहना है के ट्रेनों मे लोगों से चोरी करने वाला यही गिरोह है। पुलिस का दावा है कि वे लगभग 12 चोरी का पता लगा पाएंगे। एक अधिकारी का कहना है कि मूल रूप से तमिलनाडु के वेल्लोर के रहने वाले चारों ने मुंबई के बाहरी इलाके बदलापुर-डोंबिवली-टिटवाला बेल्ट पर कई ट्रेन यात्रिायों को निशाना बनाया था। 1 मई को जीआरीपी ने कल्याण स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 के पास से चार लोगों को संदिग्ध रूप से घूमने की सूचना पर गिरफ्तार किया था। जो कि सत्यराज ओन्थुर्गा (26), कृष्णा गणेश (27), स्कतिवेल अवलुदान (27) और गणेश सेलवन (24) हैं। पुलिस को पूछताछ पर पता चला कि वे अब तक ट्रेनों में हुई एक दर्जन चोरी में शामिल थे। जीआरपी के वरिष्ठ निरीक्षक अर्शुद्दीन शेख और किरण उंद्रे ने कहा कि पुलिस ने चार लोगों के पास से 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया, जिनकी कुल कीमत 2.7 लाख रुपये है।

चुनाव के बीच कूड़े में मिले सैकड़ों वोटर आईडी
महाराष्ट्र के जालना में कूड़े के ढेर के पास सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड बरामद किए गए हैं। संबंधित अधिकारी इस मामले में विस्तृत जांच कर रहे हैं।

असम के कार्बी आंगलोंग जिले में 5 गिरफ्तार, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

असम पुलिस ने कार्बी आंगलोंग जिले में असम-नागालैंड सीमा के पास पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्त में लिए गए लोगों के पास एक 9एमएम पिस्तौल और एक भरी हुई मैगजीन भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, बोकाजन उपमंडल पुलिस अधिकारी रुस्तमराज ब्रह्मा के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की। खटखटी पुलिस थाना क्षेत्र में एक रेलवे पुल के पास से गुजर रहे एक वाहन की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को एक 9 मिमी पिस्तौल और एक मैगजीन मिली। इसमें 43 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
 

एनएसआईएल को निजी साझेदारों की तलाश, हेवी लिफ्ट रॉकेट एलवीएम3 के निर्माण की कवायद

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की वाणिज्यिक शाखा- न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) निजी साझेदारों की तलाश कर रही है। हेवी लिफ्ट रॉकेट लॉन्च व्हीकल मार्क-3 विकसित करने के मकसद से उद्योग जगत के लोगों को आमंत्रित किया गया है। साझेदारी, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी मोड) में होगी। एनएसआईएल के मुताबिक भारी उपग्रहों या पृथ्वी की कक्षा में कम संख्या में भेजे जाने वाले उपग्रहों को लॉन्च करने की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एलवीएम3 रॉकेट विकसित किए जा रहे हैं। एनएसआईएल हर साल चार-छह एलवीएम 3 श्रेणी के रॉकेट का उत्पादन का प्रयास कर रहा है। फिलहाल इसकी क्षमता एक साल में दो रॉकेट उत्पादन है।
विज्ञापन

उपभोक्ता फोरम ने डाक विभाग पर 50 हजार का जुर्माना लगाया

ग्राहक की ब्याज राशि का भुगतान न करना डाक विभाग को महंगा पड़ा। कर्नाटक के उडुपी में जिला उपभोक्ता फोरम ने इंडिया पोस्ट पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया। मामला पीपीएफ खाते में योगदान पर ब्याज राशि का भुगतान करने में विफलता का है। मानवाधिकार संरक्षण महासंघ के संयोजक रवींद्रनाथ शानबाग ने बताया कि डाक विभाग ने सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) में निवेश पर 11 लाख रुपये की ब्याज राशि का भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उपभोक्ता फोरम ने दोषी पाते हुए डाक विभाग पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पैसे वेंकटेश कामथ ने जमा किए थे। खबर के मुताबिक अपने परिवार के सदस्यों के लाभ और अपनी सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा के लिए कामथ ने करकला डाकघर में फैमिली पब्लिक प्रोविडेंट फंड (हिंदू अविभाजित परिवार -एचयूएफ) श्रेणी के तहत खाता खुलवाया।

कामथ के मुताबिक  2001 में 15 साल की अवधि के लिए खोले गए इस खाते में सालाना पैसे जमा किए जाते थे। 2016 में निकासी करने की अपील पर उन्हें पोस्टमास्टर ने पांच और साल पैसे जमा करने की सलाह दी। इस तरह 2021 तक लगातार पैसे जमा होते रहे। 2021 में पांच और साल खाता बनाए रखने पर सहमति बनी। हालांकि, 22 जून, 2023 को डाक विभाग ने पत्र भेजकर कामथ को तुरंत अपना पीपीएफ खाता बंद करने को कहा। कामथ को 13 मई, 2005 के नियम के आधार पर बताया गया कि अब केवल व्यक्तिगत सार्वजनिक भविष्य निधि खाते ही खोले जा सकते हैं। पारिवारिक पीपीएफ खातों की अनुमति नहीं है। कामथ ने 2016 के बाद की अवधि के लिए कोई ब्याज नहीं मिलने का विरोध किया। लगभग एक साल की लंबी लड़ाई के बाद उपभोक्ता फोरम ने डाक विभाग पर जुर्मान लगाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें