महाराष्ट्र में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की मुंबई जोनल यूनिट ने 6 मई को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्डे पर अफ्रीकी देश कोटे डिवोर (Cote D’ivore) के एक नागरिक से 1468 ग्राम कोकीन वाले 7 कैप्सूल बरामद किए। बाजार में इनकी कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई। पूछताछ के आधार पर इस यात्री ने कबूल किया कि भारत में तस्करी के लिए नशीली दवाओं वाले कैप्सूल की तस्करी के लिए वह इन्हें निगल जाता था। राजस्व खुफिया निदेशालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक इस शख्स को 6 मई से 8 मई के बीच मुंबई के सर जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कुत्तों की इन 23 नस्लों पर तमिलनाडु में प्रतिबंध
तमिलनाडु के पशुपालन विभाग ने राज्य में पिटबुल टेरियर और टोसा इनु सहित 23 'क्रूर' कुत्तों की नस्लों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। चेन्नई में हाल ही में एक रॉटवीलर कुत्ते के हमले में घायल हुए बच्चे के मामले को देखते हुए सरकार ने 'क्रूर' माने जाने वाले 23 कुत्तों की नस्लों के आयात, प्रजनन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। जिन नस्लों पर बैन लगा है इनके नाम हैं- तोसा इनु, फिला ब्रासीलिरो, अमेरिकन बुलडॉग, कांगल, कोकेशियान शेफर्ड, टोर्नजैक, सरप्लानिनैक, मास्टिफ, टेरियर, वुल्फ डॉग्स, अकबाश, केन कोरो, पिटबुल टेरियर, अमेरिकन स्टैफर्डशायर टेरियर, डोगो अर्जेंटीनो, बोस बोएल, सेंट्रल एशियाई शेफर्ड, दक्षिणी रूसी शेफर्ड, जापानी टोसा और अकिता, रॉटवीलर, रोड्सियन रिजबैक, कैनारियो, मॉस्को गार्ड और बंदोग
डीएमएसआरडीई की ऐतिहासिक उपलब्धि
रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान (डीएमएसआरडीई) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दरअसल डीएमएसआरडीए एडवांस एयर ब्रीदिंग इंजन के लिए लिक्विड रैमजेट फ्यूल तैयार किया है। इस ईंधन का 8 मई को रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) में सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया है। इस उन्नत तकनीक को विकसित करने में डीएमएसआरडीई के भागीदार बीपीसीएल और मिनरल ऑयल कॉर्पोरेशन भी रहे हैं।
गोवा विधानसभा में कांग्रेस की याचिका खारिज
गोवा विधानसभा अध्यक्ष रमेश तवाडकर ने कांग्रेस द्वारा दायर की गई याचिका को खारिज कर दिया है। याचिका में विधायक दिगंबर कामत और माइकल लोबो को अयोग्य ठहराने की मांग की गई थी। दोनों ही विधायक 2022 में कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तवाडकर ने इस बात की पुष्टि की है कि गोवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर की याचिका को खारिज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि याचिका खारिज करने के कारणों का पूर्ण विवरण जल्द जारी किया जाएगा।
आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में ट्रक से आठ करोड़ रुपये बरामद
आंध्न प्रदेश के एनटीआर जिले के गारिकापाडु चेक पोस्ट पर एक ट्रक से 8 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। ट्रक से दो व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में रखा गया है। मणिपुर सरकार को कामजोंग जिल में 5457 अप्रवासी मिले जो कि अवैध रूप से रह रहे हैं। सीएम एन वीरेन सिंह ने कहा कि फिलहाल उनको मानवीय सहायता दी जा रही है।एनटीआर जिला पुलिस ने गारिकापाडु चेक पोस्ट पर जांच के समय एक ट्रक पर संदेह हुआ। ट्रक की तलाशी लेने पर पता चला कि ट्रक के केबिन में पाइप से लदी लॉरी में नकद छिपाया हुआ था। पुलिस ने जब उसे निकालकर देखा तो लगभग 8 करोड़ रुपये छिपाए हुए थे। ट्रक से दो लोगों को हिरासत में लिया हुआ था। उन्होंने बताया कि यह पैसा वे हैदराबाद से गुंटूर ले जा रहे थे। पुलिस इंस्पेक्टर चंद्र शेखर ने बताया कि इस राशि को जिला जांच टीम को सौंपा जाएगा। चुनाव आयोग के अधिकारी इस मामले की पूरी जांच करेंगे।
मणिपुर के कामजोंग जिले में मिले 5457 अवैध अप्रवासी
मणिपुर सरकार को कामजोंग जिल में 5457 अप्रवासी मिले जो कि अवैध रूप से रह रहे हैं। सीएम एन वीरेन सिंह ने कहा कि फिलहाल उनको मानवीय सहायता दी जा रही है। उसके बाद उनको भेजने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मणिपुर सीएम एन वीरेन सिंह ने एक्स पर बताया कि कामजोंग जिले में अवैध तरीके से रह रहे अप्रवासियों के बारे में पता लगा है। उनको वापस भेजने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इन लोगों के बायोमेट्रिक डाटा को भी एकत्र किया जा रहा है। अबतक 5173 लोगों का बायोमेट्रिक डाटा एकत्र किया जा चुका है। एक अधिकारी ने बताया कि "फैकोह, हुइमी थाना/संगकालोक शरणार्थी शिविरों में रहने वाले लोगों के बायोमेट्रिक डेटा प्राप्त किए जा रहे हैं।" वहीं सीएम ने कहा कि उनकी सरकार सभी "अवैध अप्रवासियों" को मानवीय सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा, ''हम इस स्थिति को पूरी संवेदनशीलता के साथ संभाल रहे हैं।'' उन्होंने यह भी बताया कि इस महीने की शुरुआत में, म्यांमार से कम से कम 38 लोग और "अवैध अप्रवासी" मणिपुर में घुस आए थे। उन्हें तेंगनौपाल जिले के मोरे शहर के माध्यम से बाहर किया गया था। उन्होंने कहा कि पहले चरण में कुल 77 ऐसे अप्रवासियों को निर्वासित किया गया।
असम में 2.5 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त
असम के कामरूप जिले में स्पेशल टास्क फोर्स ने 2.5 करोड़ रुपये कीमत की 420 ग्राम हेरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ ने बोको इलाके में एक वाहन से हेरोइन के 30 पैकेट जब्त किए। गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम कबलउद्दीन और सबुर अली बताए गए हैं।
महाराष्ट्र में पत्नी-बेटे और ससुर की हत्या के दोषी को सजा-ए-मौत
महाराष्ट्र के गोंदिया की एक अदालत ने शख्स को अपनी पत्नी, बेटे और ससुर को जलाकर मारने का दोषी पाया। जुर्म साबित होने के बाद अदालत ने इस दोषी को गुरुवार को मौत की सजा सुनाई।हत्या पिछले साल फरवरी में की गई थी। सरकारी वकील के मुताबिक तिरोरा तहसील के भिवापुर निवासी किशोर श्रीराम शेंडे को पत्नी आरती के चरित्र पर संदेह था। दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 42 साल के इस सनकी पति ने 15 फरवरी, 2023 को अपने ससुराल जाकर पत्नी-बेटे और ससुर की हत्या कर दी।
खबर के मुताबिक पत्नी के मायके पहुंचे इस शख्स ने पहले अपने लकवाग्रस्त ससुर देवानंद मेश्राम पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला डाला। पत्नी आरती और बेटे जय दरवाजा खोलकर बाहर निकले। आरोपी शेंडे ने उन दोनों को भी जिंदा जला डाला। ससुर और जय की मौके पर ही मौत हो गई। सात दिनों तक जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ने के बाद पत्नी आरती की मौत 21 फरवरी को हो गई। शेंडे को अगले दिन रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एनबी लावटे की अदालत में मुकदमे की सुनवाई हुई। 19 गवाहों से पूछताछ और सबूतों पर गौर करते हुए, कोर्ट ने शेंडे को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मौत की सजा दी। धारा 436 (आग से उत्पात) के तहत आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई गई। शेंडे पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। रकम का भुगतान करने में नाकाम रहने पर दोषी को छह महीने अतिरिक्त जेल की सजा काटनी होगी।
कर्नाटक सेक्स कांड: महिला के अपहरण में चार और हिरासत में
जनता दल (सेक्युलर) नेता प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ कथित यौन शोषण के मामलों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक महिला के अपहरण के मामले में चार और लोगों को हिरासत में लिया है। एसआईटी के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एसआईटी प्रज्वल के पिता और होलेनरसीपुरा से विधायक एचडी रेवन्ना को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस बीच निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक विशेष अदालत ने बृहस्पतिवार को एचडी रेवन्ना की जमानत याचिका पर सुनवाई 13 मई तक के लिए स्थगित कर दी। एचडी रेवन्ना परप्पाना अग्रहारा सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए चारों लोग मैसूरु के कृष्णराजनगर के रहने वाले हैं। वहीं, दूसरी तरफ राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कहा है कि जद(एस) नेता प्रज्वल रेवन्ना मामले में 700 महिलाओं के आयोग में शिकायत दर्ज कराने का दावा सत्यता से परे है। हमें इस संदर्भ में एक भी पीड़िता से शिकायत नहीं मिली है।
डीआरडीओ ने बनाया रैमजेट ईंधन, बढ़ेगी ब्रह्मोस की क्षमता
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने उन्नत एयर ब्रीथिंग इंजन के लिए एक खास ईंधन तैयार किया है, जिसे लिक्विड रैमजेट फ्यूल नाम दिया गया है। इसका इस्तेमाल ब्रह्मोस जैसी सुपरसोनिक मिसाइलों की गति एवं दक्षता बढ़ाने के लिए किया जाएगा। डीआरडीओ ने बृहस्पतिवार को अपनी सफलता की घोषणा की। लिक्विड रैमजेट फ्यूल को तैयार करने के बाद रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (डीएमएसआरडीई) ने बुधवार को इसका सफल परीक्षण भी कर लिया है। बीपीसीएल और मिनरल ऑयल कॉर्पोरेशन इस विकास में उद्योग भागीदार हैं।
दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल कर डरा रही भाजपा: रेवंत रेड्डी
गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल कर उन्हें डराने की कोशिश कर रही है। बृहस्पतिवार को उन्होंने कहा, यदि कोई राजनीतिक दल, किसी अन्य दल के ऐसे वीडियो तैयार करता है तो संबंधित दल को शिकायत करनी होती है, लेकिन यहां गृह मंत्रालय ने शिकायत की।
बायजू ने कोर्स शुल्क 40 फीसदी तक घटाई
बायजू ब्रांड की थिंक एंड लर्न ने उबरने के लिए कोर्स शुल्क 30-40 फीसदी तक घटा दी है। साथ ही बिक्री पर दिए जाने वाले प्रोत्साहन को 50 से 100 फीसदी तक बढ़ा दिया है। कंपनी के संस्थापक बायजू रवींद्रन ने 1,500 कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, बिक्री विभाग के सभी कर्मचारियों का बकाया जल्द निपटाया जाएगा। इन लोगों का औसत वेतन 40,000 रुपये मासिक है।
बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च के प्रमुख का निधन, पीएम ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को केरल स्थित बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च के प्रमुख अथानासियस योहान प्रथम के निधन पर शोक जताया। पीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, मैं मेट्रोपॉलिटन ऑफ बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च, मोरन मोर अथानासियस योहान के निधन से दुखी हूं। उन्हें समाज के प्रति उनकी सेवा और वंचितों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार पर जोर देने के लिए याद किया जाएगा।
गोवा : स्पीकर ने कामत व लोबो के खिलाफ अयोग्यता अर्जी की खारिज
गोवा विधानसभा अध्यक्ष रमेश तवाडकर ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस की ओर से दायर उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें विधायकों दिगंबर कामत और माइकल लोबो को अयोग्य ठहराने की मांग की गई थी, जो 2022 में सबसे पुरानी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तवाडकर ने पुष्टि की कि गोवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कामत और लोबो के खिलाफ दायर अयोग्यता याचिका खारिज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि याचिका खारिज करने के कारणों का उल्लेख करते हुए एक विस्तृत आदेश जारी किया जाएगा।
नफरती भाषण पर कार्रवाई की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अर्जी
सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर चुनाव अभियानों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की ओर से कथित तौर पर दिए गए नफरती भाषणों को लेकर चुनाव आयोग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की गई है। पूर्व आईएएस अधिकारी ईएएस सरमा और पूर्व आईआईएम डीन त्रिलोचन शास्त्री की ओर से दायर याचिका में 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 27 अप्रैल को दिए गए केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के भाषणों का हवाला दिया गया है।