मेघालय में सामुहिक दुष्कर्म के तीन आरोपी गिरफ्तार
मेघालय के शिलॉन्ग में हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर शिलॉन्ग की एक व्लॉगर के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। व्लॉगर ने 20 अप्रैल को पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता एक गेम व्लॉगर है, जिसके यू-ट्यूब पर 75 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं और इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। पीड़िता के अनुसार उसके दोस्त ने उसे पहले ड्रग्स दी और इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। तीनों आरोपियों की उम्र 18 से 20 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच लगातार जारी है।
मुंबई एयरपोर्ट पर 4.44 करोड़ का सोना जब्त
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने हीरे और सोने की बड़ी जब्ती की है। बताया गया है कि यहां कुछ लोग नूडल्स के पैकेट में हीरे और शरीर में सोना छिपाकर ला रहे थे। कस्टम विभाग ने खुफिया जानकारी मिलने के बाद छापेमारी की और 6.46 करोड़ रुपये मूल्य का हीरा-सोना जब्त किया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। बताया गया है कि ये एयरपोर्ट पर पकड़े गए लोग 6.815 किलो सोना साथ लाए, जिसकी कीमत 4.44 करोड़ रुपये है। वहीं 2.02 करोड़ के हीरे भी इनके पास बरामद हुए। कस्टम्स के मुताबिक, मुंबई से बैंकॉक जा रहे एक भारतीय नागरिक को रोककर उसके ट्रॉली बैग में रखे नूडल्स के पैकेट से हीरे बरामद किए गए। बाद में उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद एक विदेशी नागरिक जो कि कोलंबो से मुंबई आ रहा था, उसे सोने की सिल्लियों के साथ गिरफ्तार किया गया। उसने सोना अपने अंतर्वस्त्रों में छिपाए थे। इसके अलावा 10 और भारतीयों को जो कि दुबई, अबुधाबी, बहरीन, दोहा, रियाध, मस्कट, बैंकॉक और सिंगापुर से भारत आ रहे थे, उन्हें भी एयरपोर्ट पर रोका गया और उनके बैग और शरीर से करोड़ों की कीमत का सोना जब्त किया गया।