एशिया प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत और अमेरिका की सेनाएं 14 सितंबर वाशिंगटन में दो हफ्ते तक चलने वाले संयुक्त युद्धाभ्यास में भाग लेंगी। इस सैन्य युद्धाभ्यास का आयोजन भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग के तहत किया जा रहा है।
यह युद्धाभ्यास भारत और अमेरिका के बीच चल रहे संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग के प्रयासों का सबसे बड़ा अभ्यास है। यह दोनों देशों में बारी-बारी से आयोजित किए जाने वाले संयुक्त अभ्यास का 13वां संस्करण है जो 14 से 27 सितंबर तक चलेगा।
पढ़ें- भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास जल्द, इस बार को होगी खास तैयारी
सरकारी सूत्रों के अनुसार इस युद्धाभ्यास से दोनों देशों की सेना को ब्रिगेड स्तर पर संयुक्त योजना बनाकर एकीकृत तरीके से बटालियन स्तर पर प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध होगा। एक-दूसरे के संस्थागत ढांचे और युद्ध प्रक्रियाओं को समझने के उद्देश्य से संयुक्त अभियान के दौरान कई परिस्थितियों में अभ्यास किया जाएगा जिसके परिणामस्वरूप उच्च स्तर की साझेदारी होगी।
इससे विश्व की किसी भी अप्रत्याशित आकस्मिक घटना का मुकाबला करने के लिए दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच अंतर परिचालन में सामंजस्य बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास एक-दूसरे की योजना तैयार करने और कार्रवाई करने के अनुभव सीखने का भी आदर्श मंच है।