भारत ने जम्मू कश्मीर में परिसीमन को लेकर इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) को फटकार लगाई है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी कर ओआईसी की इस तरह की अवांछित टिप्पणियों की अलोचना की और नाम लिए बिना पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि इस संगठन को एक देश की शह पर सांप्रदायिक एजेंडा चलाने से बचना चाहिए।
भारत की तरफ से यह सख्त प्रतिक्रिया ऐसे समय में जारी की गई है, जब ओआईसी ने जम्मू कश्मीर में परिसीमन को लेकर मोदी सरकार की आलोचना की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘‘हमें आश्चर्य है कि ओआईसी ने एक बार फिर भारत के आंतरिक मामलों के लेकर अवांछित टिप्पणियां कीं हैं।’’
उन्होंने कहा कि अतीत में भी भारत सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को लेकर ओआईसी के बयानों को सिरे से खारिज किया था। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा है। बागची ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि ओआईसी को एक देश की शह पर भारत को लेकर अपना ‘सांप्रदायिक एजेंडा’ चलाने से बचना चाहिए।