जल्द होगी सैन्य कमांडरों की बैठक
विदेश मंत्री वांग यी और विदेश मंत्री जयशंकर ने चर्चा के दौरान 25 जून 2021 को हुई डब्ल्यूएमसीसी (Working Mechanism for Consultation & Coordination on India-China Border Affairs) की बैठक में बनी सहमति को अहम माना। दोनों विदेश मंत्री इससे सहमत हैं कि जल्द ही दोनों देशों के सैन्य कमांडरों की बैठक होनी चाहिए। दोनों विदेश मंत्रियों में इस बात पर भी सहमति बनी कि सैन्य कमांडरों की बैठक में विसैन्यीकरण से जुड़े शेष सभी मुद्दों पर भी चर्चा और परस्पर स्वीकार्य हल निकाला जाना चाहिए। चीनी विदेश मंत्री वांग यी और जयशंकर ने माना कि सीमा पर शांति, सौहार्द और स्थायित्व का वातावरण बनना चाहिए तथा दोनों देशों को एकतरफा कार्रवाई के प्रयासों से बचना चाहिए।
लेकिन कब सुलझेगा पूर्वी लद्दाख का मसला
पूर्वी लद्दाख के मुद्दे पर चीन के विदेश मंत्री वांग यी सकारात्मक संदेश जरूर देते हैं, लेकिन पिछले एक साल से चीन इस पर कोई ईमानदारी से कोशिश करता नहीं दिखाई देता। भारतीय कूटनीति के जानकारों को भी अभी हाल-फिलहाल में इस समस्या का कोई हल नहीं दिखाई देता। एक वरिष्ठ राजनयिक का कहना है कि चीन की चिंता कैलाश रेंज की चोटियां खाली कराने की थी। वहां भारतीय फौज काबिज थी। अब चीन की चिंता खत्म हो गई है। इसलिए कहा नहीं जा सकता कि आगे वह किस तरह का बर्ताव करेगा।