भारत सरकार के ‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान ने इतिहास रच दिया है। दरअसल, इसके तहत सरकार ने सेल्फी अपलोड करने का कैंपेन चलाया था, जिसने सोशल मीडिया पर सर्वाधिक ऑनलाइन सेल्फी अपलोड के मामले में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया है। महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय (एसपीपीयू) ने 10,42,538 सेल्फी सोशल मीडिया पर अपलोड करने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले सबसे ज्यादा सेल्फी का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड 2016 में करीब एक लाख सेल्फी के साथ चीन को मिला था।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र पुरस्कार समारोह में भाग लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह हर किसी के लिए गर्व का क्षण है। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है और एसपीपीयू ने यह विश्व रिकॉर्ड बनाया है। हम अपने देश को मां कहते हैं. यह मिट्टी हमारी मां है। 'मेरी मिट्टी-मेरा देश' अभियान उन लोगों का सम्मान है, जिन्होंने अपना बलिदान दिया। भारतवासी देश के लिए जीते हैं। हम अपनी मिट्टी की पूजा करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे पास 25 लाख सेल्फी थीं, लेकिन 10,42,538 सेल्फी को मंजूरी मिली। हमने चीन को पीछे छोड़ते हुए यह विश्व रिकॉर्ड बनाया। यह छत्रपति शिवाजी महाराज का महाराष्ट्र है जिसने इस रिकॉर्ड को तोड़ा। हमें और रिकॉर्ड तोड़ने की जरूरत है।
अभियान से जुड़ने वालों को बधाई...
वहीं, सीएम शिंदे ने इस अभियान से जुड़ने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों की देशभक्ति को दर्शाता है। महाराष्ट्र ने हमेशा देश को दिशा दिखाई है और हमने कई बार ऐसा करके दिखाया भी है। सीएम शिंदे ने कहा कि 'मेरी मिट्टी-मेरा देश' अभियान देशभक्ति का जज्बा पैदा करने के लिए शुरू किया गया और महाराष्ट्र ने पूर्ण समर्थन के साथ इसमें भाग लिया। हमने 'मिट्टी के कलश' को दिल्ली भेजने के लिए ट्रेनों की विशेष व्यवस्था की है।