अमर उजाला को मिली जानकारी के अनुसार, आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का तीसरे कार्यकाल का पहला संबोधन है। इस भाषण में पीएम मोदी सरकार की अब तक की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश कर सकते हैं। पीएम लालकिला से अपने भाषण को रोजगार के मुद्दे पर केंद्रित कर सकते हैं। इसके अलावा पीएम सामाजिक आर्थिक क्षेत्र की उपलब्धियां पेश कर सकते हैं। पीएम मोदी 15 अगस्त के इस भाषण में मोदी सरकार 3.0 का रोडमैप जारी करेंगे। साथ ही विकसित भारत को लेकर भी सरकार की रूपरेखा बता सकते हैं। वे अपने भाषण से सीमा सुरक्षा और आतंकवाद जैसे मुद्दे पर कड़ा संदेश भी दे सकते हैं।
पीएम मोदी के खास मेहमान रहेंगे मौजूद
वहीं, स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के खास मेहमान लाल किला पर मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी की बताई चार जातियों के नुमाइंदे भी मौजूद होंगे। पीएम मोदी की बताई चार जातियों गरीब, युवा, किसान और महिला वर्ग के नुमाइंदों को खास तौर पर समारोह में बुलाया गया है। इन चार वर्गों के करीब चार हजार मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया है। कृषि और किसान कल्याण, युवा मामले, महिला और बाल विकास मंत्रालयों को ये जिम्मेदारी दी गई है।
इनके अलावा पंचायती राज और ग्रामीण विकास, आदिवासी मामले, शिक्षा और रक्षा मंत्रालय ने भी मेहमानों की सूची तैयार की है। वहीं नीति आयोग भी मेहमानों को आमंत्रित कर रहा है। बताया जा रहा है कि ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया है। कुल मिला कर 18000 से ज्यादा लोग स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इस बार यह रहेगी 15 अगस्त की थीम
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह का थीम विकसित भारत-2047 रखी गई है। दरअसल, केंद्र सरकार ने देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने को लेकर लक्ष्य तय कर रखा है कि 2047 में जब देश की आजादी के 100 साल पूरे हो रहे होंगे, तो देश विकासशील नहीं बल्कि, दुनिया के विकसित देशों की पंक्ति में खड़ा होगा।