पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में अलग गोरखालैंड की मांग को लेकर गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) समर्थकों की ओर से रैली और प्रदर्शन का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा।
मोर्चा ने सोमवार को ईद के मौके पर बेमियादी बंद में सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक 12 घंटे की आंशिक ढील देने का एलान किया है। हालांकि मोर्चा ने साफ किया है कि इलाके में वाहनों की आवाजाही में छूट सिर्फ मुस्लिम तबके के लिए है।
मोर्चा प्रमुख विमल गुरुंग ने शनिवार रात को जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी के तमाम नेताओं व कार्यकर्ताओं से अलग राज्य की मांग में सड़कों पर उतरने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मोर्चा बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन यह बातचीत सिर्फ अलग गोरखालैंड के मुद्दे पर ही होगी।
उन्होंने कहा है कि बातचीत किसी वैकल्पिक फार्मूले पर नहीं होगी। गुरुंग ने भाजपा का नाम लिए बिना चेताया है कि दूसरे दलों के कुछ नेता गोरखालैंड आंदोलन के साथ विश्वासघात करने का प्रयास कर सकते हैं। मोर्चा प्रमुख ने कहा है कि या तो उनका शव घर जाएगा या फिर वे गोरखालैंड के साथ लौटेंगे।