तेलंगाना में दो महिला पत्रकारों की गिरफ्तारी के मामले ने सियासत में गर्माहट ला दी है। इसी बीच भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक केटी रामा राव (केटीआर) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जरिए राहुल गांधी से पूछा कि क्या यही आपकी 'मोहब्बत की दुकान' है? बता दें कि केटीआर का ये सवाल दो महिला पत्रकारों की गिरफ्तारी के बाद आया है।
केटीआर ने कांग्रेस सरकार पर लगाया आरोप
केटीआर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन महिला पत्रकारों का सिर्फ यह अपराध था कि उन्होंने कांग्रेस सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की राय को आवाज दी। उन्होंने राहुल गांधी से यह भी कहा कि भारत का संविधान, जिसे वे बार-बार मानने की बात कहते हैं, नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। साथ ही केटीआर ने यह सवाल उठाते हुए राहुल गांधी से पूछा कि क्या यह सही है कि पत्रकारों को केवल अपनी राय रखने के लिए गिरफ्तार किया जाए, जबकि संविधान में यह स्वतंत्रता दी गई है।
ये भी पढ़ें:- तेलंगाना की एसएलबीसी सुरंग में फंसे सात लोग: 19 दिन बाद भी बचाव कार्य जारी, रोबोट और रडार से ली जा रही मदद
एक नजर पूरे मामले पर
गौरतलब है कि हैदराबाद में बुधवार तड़के वरिष्ठ पत्रकार रेवती और उनकी सहकर्मी युवा पत्रकार तन्वी यादव को पुलिस ने उनके घर से कथित तौर पर गिरफ्तार कर लिया। इनकी गिरफ्तारी का कारण यह बताया गया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक किसान का वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह कांग्रेस सरकार के दौरान अपनी कठिनाइयों के बारे में बता रहे थे। महिला पत्राकारों की गिरफ्तारी से पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया और बीआरएस पार्टी के नेताओं ने रेवंत रेड्डी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपनी सत्तावादी रणनीतियों के तहत मीडिया को दबा रही है।
केटीआर ने गिरफ्तारी को बताया अवैध
केटीआर ने वीडियो के साथ शेयर की गई अपनी एक पोस्ट में वरिष्ठ महिला पत्रकार रेवती की गिरफ्तारी की निंदा की। केटीआर ने आरोप लगाया कि सुबह 5 बजे रेवती के घर पर छापा मारकर उनकी अवैध गिरफ्तारी की गई, जो राज्य में आपातकाल-शैली के शासन का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने युवा पत्रकार तन्वी यादव की गिरफ्तारी को भी क्रूर बताया। केटीआर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तहत किसान की कठिनाइयों को दिखाने वाले एक पत्रकार का वीडियो पोस्ट करने पर पत्रकारों की गिरफ्तारी, इस सरकार के प्रतिबंधात्मक शासन की परिणति है।
ये भी पढ़ें:- दांडी यात्रा की 95वीं वर्षगांठ: PM मोदी समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, महात्मा गांधी के बलिदान को किया याद
रेड्डी की सरकार में मीडिया को स्वतंत्रता नहीं- केटीआर
केटीआर ने आरोप लगाया कि इस सरकार में मीडिया को स्वतंत्रता नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही वह संवैधानिक शासन है जिसकी राहुल गांधी बात करते हैं? उन्होंने रेवंत रेड्डी सरकार से मांग की कि वह मीडिया और सोशल मीडिया पर हो रहे हमलों और अवैध गिरफ्तारी मामलों को तुरंत रोकें, ताकि सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए और किसी पत्रकार को परेशान न किया जाए।
संबंधित वीडियो