उत्तर प्रदेश चुनाव 2022- भाजपा सांसद बैठक
- फोटो : Amar Ujala
उत्तर प्रदेश में दोबारा सत्ता में आने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने हर स्तर पर अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। जमीनी स्तर तक कैसे पहुंचे और गांव-कस्बों तक कैसे मतदाताओं को अपने पक्ष में करें, इसे लेकर दिल्ली में दो दिनों तक जमकर मंथन हुआ। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने सभी सांसदों को चुनावों में जीत के लिए माइक्रो मैनेजमेंट की सीख दी। इन फॉर्मूले को राज्य में ठीक तरह से लागू करने की जिम्मेदारी प्रदेश के संगठन को सौंपी गई है।
सप्ताह में दो दिन वैक्सीनेशन सेंटर का दौरा करें
उत्तर प्रदेश के सांसदों की बैठक में जेपी नड्डा ने कहा कि राजनीति में एक बात को बार-बार बोला जाता है ताकि वह बात नीचे तक जाए। इसलिए संसद का मानसून सत्र खत्म होने के बाद सभी सांसद अपने लोकसभा क्षेत्रों में जाकर वैक्सीनेशन सेंटर का दौरा करें। सांसद कोशिश करें कि कम से कम सप्ताह में दो दिन टीकाकरण केंद्र पर जाएं और वहां लोगों से टीकाकरण को लेकर संवाद करें। सांसद लोगों को बताएं कि देशभर में टीकाकरण अभियान के तहत मोदी सरकार सभी को मुफ्त में वैक्सीन दे रही है।
अपने क्षेत्रों का दौरा करें और फोटो भी लगाएं
सभी नए मंत्रियों और सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा करने का निर्देश पार्टी अलाकमान ने दिया है। नए मंत्रियों से स्पष्ट कहा गया है कि अपने लोकसभा क्षेत्रों के अलावा आसपास के तीन लोकसभा क्षेत्रों में स्वागत रैली निकालें। वहीं सांसद भी उनके द्वारा किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाए। आगामी चुनावों को देखते हुए सभी सांसदों को अपने क्षेत्रों में फोटो लगाने के लिए भी बोला गया है।
उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं
इस अहम बैठक में जेपी नड्डा ने 2017 में मिली एतिहासिक जीत को विधानसभा चुनाव 2022 में दोहराने का मंत्र दिया। उन्होंने सांसदों से कहा कि सभी सांसद सक्रियता के साथ मैदान में उतर जाएं। केंद्र और राज्य दोनों के काम को जनता के बीच ले जाएं। दोनों सरकारों के कामों का विस्तृत ब्यौरा तैयार करें और उसे आम लोगों के बीच लेकर जाएं ताकि लोगों को पता चल सके कि डबल इंजन की सरकार ने क्या क्या काम किए हैं।
बूथ प्रबंधन पर दें जोर
नड्डा ने साफ शब्दों में कहा कि अगर पार्टी को तीन सौ पार का लक्ष्य हासिल करना है तो हर बूथ को मजबूत करना होगा। संसद सत्र के बाद सभी सांसद अपने क्षेत्र में आने वाले सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों का दौर शुरू करें। सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें और उनकी नाराजगी को दूर करने की दिशा में हरसंभव कदम भी उठाएं। संगठन की नई संरचना के हिसाब से अपने लोकसभा क्षेत्रों में टीमों का विस्तार भी करें। फिर इनके जरिए मोदी और योगी सरकार की योजनाएं कार्यकर्ता जनता तक पहुंचाएंगे। संगठन की जितनी छोटी टुकड़ियां होंगी, उतने ही ज्यादा लोगों के पास पहुंचा जा सकेगा।
किसानों के बीच नए कानूनों के बारे में करें चर्चा
पार्टी ने दो टूक शब्दों में अपने सांसदों से कहा कि विपक्षी दल राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए किसानों को गुमराह कर रही हैं। सांसद अपने-अपने क्षेत्र में किसानों के बीच जाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, फसलों की रिकार्ड खरीद, किसानों के फसली ऋण माफी योजनाओं के साथ किसानों को आय दोगुना करने के लिए किए गए उपायों की जानकारी दें।