संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख एंटोनियो गुटेरस चार दिन के दौरे पर रविवार को पाकिस्तान पहुंचे। इस दौरान वह अफगान शरणार्थियों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे।
‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के नूर खान हवाई अड्डे पर पहुंचने पर संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थाई प्रतिनिधि मुनीर अकरम और विदेश मंत्रालय तथा पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, गुटेरस राष्ट्रपति आरिफ अल्वी, प्रधानमंत्री इमरान खान और विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के साथ वार्ता करेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि इन बैठकों के दौरान पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर अपना नजरिया साझा करेगा। उनके अन्य कार्यक्रमों में सांसदों और युवाओं के साथ बातचीत भी शामिल है। वह सतत विकास, जलवायु परिवर्तन और शांतिरक्षण विषयों पर विशेष वार्ता करेंगे। वह लाहौर भी जाएंगे।
साथ ही करतारपुर में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के अंतिम विश्राम स्थल गुरुद्वारा दरबार साहिब भी जाएंगे। गुरु नानक देव ने अपने जीवन के अंतिम 18 साल करतारपुर साहिब में बिताए थे, जो अब दुनिया का सबसे बड़ा सिख गुरुद्वारा बन गया है।
अफगान शरणार्थियों पर भी रखेंगे बात
‘पाकिस्तान में 40 वर्षों तक अफगान शरणार्थियों को पनाह देने’ के विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसका आयोजन पाकिस्तान और संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) द्वारा किया जा रहा है। सोमवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री खान करेंगे।