भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इससे होने वाले नुकसान से निपटने के लिए राज्यों ने कमर कस ली है। वहीं, मंगलवार रात कन्याकुमारी में बिजली का करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई।
आईएमडी ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण-पूर्व झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल में अगले दो से तीन दिनों के दौरान लगभग पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे आसपास के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और उत्तरी ओडिशा में आज और अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम तथा त्रिपुरा में छह अक्टूबर तक अधिक से बहुत अधिक बारिश हो सकती है।
वहीं, मंगलवार को केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। बताया जा रहा कि आज भी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश के लिए जारी ऑरेज अलर्ट के कारण यहां के जिला प्रशासन ने चार अक्तूबर को स्कूलों सहित शैक्षणिक संस्थानों के लिए छुट्टी कर दी है।
बता दें, ऑरेंज अलर्ट का मतलब है 6 सेमी से 20 सेमी तक बहुत भारी बारिश और येलो अलर्ट का मतलब है 6 से 11 सेमी के बीच भारी बारिश।