भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अगर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इतने मैच्योर (परिपक्व) नहीं हुए हैं तो फिर कांग्रेस पार्टी ने उनको विधानसभा के चुनावों में क्यों थोप दिया है। आजमगढ़ में रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से सवाल पूछकर जवाब मांगा है।
अखबार को दिया था शीला ने साक्षात्कार
एक अंग्रेजी अखबार को दिए गए अपने साक्षात्कार में शीला दीक्षित ने कहा था कि राहुल गांधी अभी मैच्योर नहीं हुए हैं। उन्हें थोड़ा और वक्त देना चाहिए। गुरुवार को आए बीएमसी चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस और राहुल गांधी की खूब आलोचना हो रही है। शीला दीक्षित से पूछा गया था कि आखिर क्यों राहुल गांधी के जोर-शोर से प्रचार के बावजूद कांग्रेस विभिन्न राज्यों में पिछड़ती जा रही है।
राहुल को मिलना चाहिए थोड़ा वक्त
शीला दीक्षित ने कहा कि राहुल गांधी अभी उम्र के सिर्फ 40वें दौर में ही है। वह अभी मैच्योर नहीं हुए हैं। इस उम्र में उनसे पूरी तरह परिपक्व होने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्हें थोड़ा और टाइम दीजिए। कांग्रेस इन सभी बदलावों के साथ आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है।
राहुल को और कितना वक्त चाहिए, इस सवाल के जवाब में शीला ने कहा कि राहुल ने अब तक काफी कुछ सीखा है। वह पार्टी की बैठकों में जाते हैं और सबसे अहम कि वो अपने दिल की बात कहते हैं। शीला दीक्षित ने कहा कि राहुल अकेले शख्स हैं जो किसानों, गरीबों और वंचितों की बात करते हैं।