स्मृति ईरानी ने मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर एक चैनल से बातचीत में कांग्रेस उपाध्यक्ष पर आरोप लगाए।
- फोटो : PTI
मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने दावा किया है कि उन्होंने संसद में रोहित वेमुला मामले पर बहस के दौरान राहुल गांधी को हंसते हुए देखा था। मोदी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर एक टीवी चैनल के साथ बातचीत में स्मृति ईरानी ने कहा, 'मैंने रोहित वेमुला पर बहस के दौरान राहुल गांधी को हंसते देख दंग रह गई। हम एक ऐसे व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं, जिसकी मौत हो चुकी है और वो वहां बैठे हंस रहे थे। कोई तो सीमा होनी चाहिए, जिसे हम इंसान ना पार करें। आप वहां बैठकर सिर्फ स्मृति ईरानी को नीचा दिखाने के लिए हंस नहीं सकते।'
स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी की हंसी ने बता दिया था कि कांग्रेस उपाध्यक्ष के लिए रोहित महज एक राजनीतिक प्यादा है। उन्होंने कहा कि राहुल कैसे एक बच्चे की मौत पर राजनीति कर सकते हैं। 26 साल के रोहित की लाश हैदराबाद यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के कमरे में 17 जनवरी 2016 को लटकती मिली थी। रोहित वेमुला की मौत के बाद छात्र आंदोलन पर उतर आए थे, जिनका समर्थन करने के लिए राहुल गांधी कई बार हैदराबाद यूनिवर्सिटी गए थे।