राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रविवार को कहा कि वह महसूस करते हैं कि वह दिल से गुजराती हैं। यद्यपि वह गुजराती भाषा बोल नहीं पाते। गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं पूर्व में गुजरात से राज्यसभा सांसद रह चुका हूं। मैं गुजरात के लिए नया नहीं हूं, क्योंकि यहां से मैं छह साल के लिए राज्यसभा का सदस्य चुना गया था, लेकिन दुर्भाग्य से मैं गुजराती नहीं बोल पाता।’
राष्ट्रपति भरूच जिले में सरदार पटेल मल्टी-स्पेशल्टी एंड हार्ट हॉस्पिटल के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे। इससे पहले राष्ट्रपति भरूच के पुनर्निर्मित सेवाश्रम अस्पताल पहुंचे और यहां महात्मा गांधी व सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और गुजरात के इन दो महान सपूतों ने सिर्फ देश को आजाद ही नहीं कराया, बल्कि उन्होंने भविष्य की मजबूत नींव भी रखी। राष्ट्रपति ने भरूच में मल्टी-स्पेशल्टी हॉस्पिटल के सपने को साकार करने के लिए कांग्रेस सांसद अहमद पटेल की भी सराहना की।