लोकसभा में मंगलवार (आठ फरवरी) को सभापति ओम बिरला ने ऐसी बात कही, जिसे सुनकर हर कोई भावुक हो गया। दरअसल, एक सवाल के जवाब में ओम बिरला ने कहा कि मैं अब भारत से ताल्लुक रखता हूं, राजस्थान नहीं। बता दें कि भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह ने प्रश्न काल के दौरान एक सवाल पूछा था। सदन में कार्यवाही के दौरान केंद्र सरकार ने जातिगत जनगणना पर भी बड़ी जानकारी दी। केंद्र सरकार ने बताया कि आजादी से अब तक जाति आधारित जनगणना नहीं की गई।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, लोकसभा में प्रश्न काल के दौरान राजस्थान के झालावाड़-बारन से ताल्लुक रखने वाले भाजपा सदस्य दुष्यंत सिंह ने राज्य में मनरेगा से संबंधित पेंडिंग फंड के बारे में सवाल पूछा। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभापति भी राजस्थान से ताल्लुक रखते हैं। इसके जवाब में ओम बिरला ने मुस्कुराते हुए कहा कि हम देश के हैं। अब राजस्थान के नहीं। यह सुनकर सदन में मौजूद सभी सदस्य भावुक हो गए।
जातिगत जनगणना पर दी गई यह जानकारी
केंद्र सरकार ने सदन में बताया कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अलावा जातिगत जनगणना नहीं हुई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि 2021 जनगणना कराने के मकसद से 28 मार्च 2019 को नोटिफिकेशन जारी किया गया था। हालांकि, उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी की वजह से जनगणना संबंधित सभी फील्ड वर्क टाल दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संविधान के मुताबिक जाति और जनजाति में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति को नोटिफाइड किया गया है, जिनकी जनगणना समय-समय पर की जाती है। देश की आजादी से लेकर अब तक किसी भी सरकार ने अनुसूचित जाति और जनजाति के अलावा जातिगत जनगणना नहीं की गई है।