चक्रवात मिचौंग के कारण तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। मंगलवार को आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराने से पहले चक्रवाती तूफान ने चेन्नई समेत तमिलनाडु के चार जिलों में भारी तबाही मचाई। मुख्यमंत्री दफ्तर से जारी डेटा के अनुसार चक्रवात मिचौंग की वजह से 194 गांवों के 40 लोग और दो शहर प्रभावित हुए हैं। इसपर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने चिंता जताई है।
चक्रवात मिचौंग पर बोले अमित शाह
चक्रवाती तूफान के कारण तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी नुकसान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने इस पोस्ट में कहा, 'आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं, इससे फसलों को बहुत नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकारों की मदद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्रालय को आंध्र प्रदेश को 493.60 रुपये और तमिलनाडु को 450 करोड़ रुपये के तौर पर एसडीआरएफ की दूसरी किस्त पहले ही जारी करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, केंद्र ने दोनों राज्यों की पहली किस्त पहले ही जारी कर दी थी। मैं चक्रवाती तूफान से प्रभावित लोगों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रर्थना करता हूं। इस कठिन समय में हम उनके साथ खड़े हैं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'चेन्नई ने भीषण बाढ़ का अनुभव किया है। पिछले आठ वर्षों में यह तीसरी बार ऐसा हुआ है। महानगरीय शहरों में भारी बारिश होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली शहरी बाढ़ शमन परियोजना के लिए 561.29 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। यह परियोजना चेन्नई को बाढ़ से बचाने में मदद करेगी।'
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में चक्रवाती तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली बाधित रही। भारी बारिश के बाद आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई इलाकों में अभी भी जलभराव देखने को मिल रहा है।