होली और गर्मी की छुट्टियों में रेलवे स्टेशन में लोगों की भीड़ उस स्थिति को बयां करती है, कि लोगों को अपने घर पहुंचे की कितनी बेचैनी होती है। लेकिन कंफर्म टिकट नहीं मिलने की वजह से दिक्कतें बढ़ जाती हैं। बिहार और झारखंड के मुसाफिरों के लिए रेलवे ने कुछ स्पेशल ट्रेन चलाई हैं।
हैदराबाद-रक्सौल स्पेशल ट्रेन
रक्सौल-हैदराबाद (07005/07006) पांच अप्रैल से एक जुलाई तक और दरभंगा-सिकंदराबाद (07007/07008) स्पेशल ट्रेन तीन अप्रैल से तीन जुलाई तक चलेगी। दोनों ही ट्रेनें 13 फेरे लगाएंगी।
इस स्पेशल ट्रेन में सेकेंड एसी के एक, 3एसी के चार, स्लीपर क्लास के 10, साधारण श्रेणी के छह और स्लीपर के दो कोच समेत कुल 23 कोच हैं।
07005 हैदराबाद-रक्सौल स्पेशल ट्रेन पांच अप्रैल से 28 जून तक हर गुरुवार को हैदराबाद से रात 09:30 बजे खुलेगी और तीसरे दिन शाम 05:30 बजे रक्सौल पहुंचेगी। वापसी में 07006 रक्सौल-हैदराबाद स्पेशल आठ अप्रैल से एक जुलाई तक हर रविवार को रक्सौल से रात 01:30 बजे खुलेगी और सोमवार को रात 23:15 बजे हैदराबाद पहुंचेगी।
सिकंदराबाद-दरभंगा स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 07007 सिकंदराबाद-दरभंगा स्पेशल ट्रेन तीन अप्रैल से 30 जून तक हर मंगलवार और शनिवार को सिकंदराबाद से रात 10 बजे खुलकर तीसरे दिन दोपहर 01:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 07008 दरभंगा-सिकंदराबाद स्पेशल ट्रेन छह अप्रैल से तीन जुलाई तक हर शुक्रवार और मंगलवार को दरभंगा से सुबह 5 बजे खुलेगी और दूसरे दिन रात 10:10 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन में सेकेंड एसी के दो कोच, थर्ड एसी के दो कोच, स्लीपर क्लास के 10, साधारण श्रेणी के छह और स्लीपर के दो कोच समेत कुल 22 कोच हैं।
झारखंड के लिए स्पेशल ट्रेन
रांची-मुंबई एलटीटीई में लगेंगे एलएचबी कोच
रांची-मुंबई एलटीटीई ट्रेन में 28 फरवरी से एलएचबी कोच लगेंगे। इससे इस रूट के यात्रियों को बहुत सहूलियत होगी। इसमें कुल 22 कोच हैं, जिसमें स्लीपर के 13, सेकेंड एसी का एक, थर्ड एसी के तीन और जनरल के अलावा अन्य कोच लगाए जाएंगे।
विभिन्न जोनों से इसके चलाए जाने के संबंध में अनुमति प्रदान करने के बाद इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
28 को रांची से पटना के लिए होली स्पेशल ट्रेन
होली में लोगों को अपने घर पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए रेल मंडल की ओर से 28 फरवरी को रांची से पटना के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। 08621 रांची से बुधवार को रात सवा ग्यारह बजे खुलेगी और एक मार्च को सुबह 9.15 बजे पटना पहुंचेगी।
यह ट्रेन बोकारो, राजबेड़ा, गोमो, कोडरमा और गया होकर पटना जाएगी और आएगी। यह ट्रेन पटना से सुबह 10.15 बजे खुलेगी और इसी दिन शाम 6.30 बजे रांची पहुंचेगी। इसमें स्पेशल किराया लगेगा। रेलवे की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है।