पुन: चुनाव लड़ रहे विधायकों की संपत्ति में कितना इजाफा हुआ?
2022 में फिर से चुनाव लड़ रहे 58 विधायकों की 2017 में औसत संपत्ति 9.30 करोड़ रुपये थी। जो अब बढ़कर 12.08 करोड़ रुपये हो गई है। पांच साल में इन विधायकों की संपत्ति में औसतन 2.77 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। यानी, औसतन इन विधायकों की संपत्ति में 30 फीसदी का इजाफा हुआ है।
Himachal Election 2022
- फोटो : अमर उजाला
सबसे ज्यादा किन विधायकों की संपत्ति बढ़ी?
चौपाल सीट से भाजपा विधायक बलबीर सिंह वर्मा की संपत्ति में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। वर्मा मौजूदा सदन के सबसे अमीर विधायक हैं। इस बार चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में भी बलबीर वर्मा सबसे अमीर है। 2017 में उन्होंने 90.73 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति घोषित की थी। जो अब बढ़कर 128.45 करोड़ से ज्यादा हो गई है। यानी, उनकी संपत्ति में करीब 37.71 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
बलबीर वर्मा के बाद मंडी से भाजपा विधायक अनिल शर्मा की संपत्ति में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। शर्मा की संपत्ति में 17.23 करोड़ की वृद्धि हुई है। 2017 में अनिल शर्मा ने 40.24 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति घोषित की थी। जो अब बढ़कर 57.48 करोड़ से ज्यादा हो गई है। शर्मा मौजूदा सदन के तीसरे सबसे अमीर विधायक हैं।
मौजूदा सदन के दूसरे सबसे अमीर विधायक विक्रमादित्य सिंह संपत्ति में इजाफे के मामले में तीसरे नंबर पर रहे हैं। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य की संपत्ति में पांच साल में 17.02 करोड़ की वृद्धि हुई है। 2017 में उनके पास 84 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति थी। जो अब बढ़कर 101 करोड़ से ज्यादा हो गई है।
इस मामले में पालमपुर से कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल चौथे और गगरेट से भाजपा विधायक राकेश ठाकुर पांचवें नंबर पर हैं। आशीष की संपत्ति में आठ करोड़ से ज्यादा का इजाफा हुआ है वहीं, राकेश की संपत्ति में सात करोड़ से ज्यादा का इजाफा हुआ है।
किन विधायकों की संपत्ति में कमी आई है?
कसुम्पटी से कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध सिंह की संपत्ति में सबसे ज्यादा कमी आई है। अनिरुद्ध सिंह की संपत्ति पांच साल में 6.01 करोड़ से ज्यादा कम हुई है। 2017 में अनिरुद्ध सिंह ने 16.22 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति घोषित की थी। जो अब 10.20 करोड़ ही रह गई है।
फतेहपुर से कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया की संपत्ति में 2.64 से ज्यादा की कमी हुई है। 2021 के उपचुनाव में उन्होंने 20.67 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी। इस बार उन्होंने अपनी संपत्ति 18.02 करोड़ बताई है। हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री की संपत्ति में भी 2.27 करोड़ की कमी हुई है। उनकी संपत्ति 7.57 करोड़ से घटकर 5.47 करोड़ रह गई है।
इन तीनों के अलावा मनाली से भाजपा विधायक गोविंद सिंह ठाकुर, दून से भाजपा विधायक परमजीत सिंह पम्मी, चिंतपुरनी से भाजपा विधायक बलबीर सिंह, रामपुर से कांग्रेस विधायक नंद लाल, भट्टियात से भाजपा विधायक बिक्रम सिंह और पांवटा साहिब से भाजपा विधायक सुखराम चौधरी की संपत्ति भी घटी है। जिन नौ विधायकों की संपत्ति घटी है उनमें पांच भाजपा के और चार कांग्रेस के हैं।
Himachal Election 2022
- फोटो : अमर उजाला