दिल्ली पुलिस ने बजरंग दल के पदाधिकारियों से इस बात का आग्रह किया है कि वे अपनी शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित कर दें जिससे मुस्लिम बहुल इलाकों में जाने से बचा जा सके। लेकिन बजरंग दल के पदाधिकारी शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित करने से इनकार कर रहे हैं।
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा पर हमला होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। हमले के बाद दिल्ली पुलिस के खुफिया तंत्र और सुरक्षा देने की क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं। लेकिन पुलिस की चुनौती अभी समाप्त नहीं हुई है क्योंकि आज रविवार को भी दिल्ली में एक बड़ी शोभायात्रा निकाले जाने की तैयारी हो चुकी है। उत्तमनगर में निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की चुनौती बढ़ गई है।
विज्ञापन
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बजरंग दल के पदाधिकारियों से इस बात का आग्रह किया है कि वे अपनी शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित कर दें जिससे कुछ इलाकों में जाने से बचा जा सके। लेकिन बजरंग दल के पदाधिकारी शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित करने से इनकार कर रहे हैं। दोनों पक्षों में इस समय भी बातचीत का दौर जारी है, लेकिन बजरंग दल शोभायात्रा को विशेष इलाकों से गुजारने की जिद पर अड़ा है।
ध्यान रहे कि उत्तम नगर की शोभायात्रा में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक स्वर्ण सिंह सोलंकी भी शामिल होंगे। अपने जोशीले भाषणों के लिए विख्यात सोलंकी शोभायात्रा के अवसर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। यही कारण है कि दिल्ली पुलिस के जवानों पर किसी अप्रिय घटना को रोकने का दबाव ज्यादा है। शोभायात्रा शाम तीन बजे निकाली जाएगी। शोभायात्रा में हजारों बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा का कार्यक्रम केवल जहांगीरपुरी और उत्तम नगर तक सीमित नहीं रहेगा। इसके बाद दिल्ली के लगभग आधे दर्जन जगहों पर शोभायात्रा निकालने की तैयारी चल रही है। यदि पुलिस की अनुमति मिली तो दिल्ली के कई और संवेदनशील इलाकों से यात्रा निकाला जाना तय है। दिल्ली के साथ-साथ इसके आसपास की एरिया में भी शोभायात्रा निकालने की तैयारी चल रही है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में शोभायात्रा निकालने की योजना बनाई जा रही है और इसके लिए पदाधिकारियों की बैठकों का सिलसिला जारी है।