गुजरात विधानसभा का चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। बुधवार 29 नवंबर को प्रचार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी एक दूसरे के आमने-सामने होंगे। पीएम मोदी के कंधे से प्रचार का बोझ कम करने की कवायद में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस पार्टी ने अचानक से प्रचार के लिए राहुल गांधी का गुजरात दौरा तय किया है। 29 से 30 नवंबर दो दिनों तक राहुल सौराष्ट्र के गीर, जूनागढ़, अमरेली और भावनगर में चुनावी गतिविधियों को अंजाम देंगे। राहुल के अचानक तय किए गए चुनाव कार्यक्रम से प्रचार में रोचक मोड़ आ गया है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के जरिए सोमवार को लगाए गए सियासी आरोपों का जवाब राहुल गांधी गुजरात की चुनावी सभाओं से ही देंगे। एक ही दिन मोदी, योगी और राहुल की मौजूदगी से बुधवार को गुजरात चुनाव प्रचार के रोचक होने के आसार हैं।
सौराष्ट्र के पटेल बाहुल्य इलाकों पर राहुल की नजर
- फोटो : self
भाजपा के मजबूत वोट बैंक माने जाने वाले पाटीदार समुदाय की बाहुल्य वाले सौराष्ट्र के जिलों में ही राहुल गांधी अपनी छठी गुजरात यात्रा के दौरान डेरा डालेंगे। कांग्रेस को यहां आरक्षण आंदोलन की वजह से भाजपा के खिलाफ पाटीदारों में पनपे असंतोष से उम्मीद है। भावनगर, अमरेली और जूनागढ़ को पटेलों का इलाका माना जाता है। 29 नवंबर को दो दिवसीय गुजरात यात्रा की चुनावी यात्रा के दौरान राहुल बुधवार को दोपहर करीब 12:30 बजे द्वीव हवाई अड्डे पर उतरेंगे। यहां से चॉपर के जरिए सोमनाथ पहुंचेंगे। यहां वे चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद तलाली में सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद सड़क मार्ग से रोड शो करते हुए जूनागढ़ के बिसावदर पहुंचेंगे। बिसावदर भाजपा के वरिष्ठ पटेल नेता केशू भाई पटेल की परंपरागत सीट है।
पिछली दफे अपनी पार्टी बनाने के बाद भी केशू इस सीट से करीब 50 हजार से ज्यादा मतों से जीते थे। बिसाबदर से राहुल बगल की विधानसभा सीट धारी भी जा सकते हैं, जहां सोमवार को पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया था। धारी के अलावा राहुल गांधी साबरकुंडला में भी सभा को संबोधित कर सकते हैं। उसके बाद वे अमरेली में परेश धनानी के क्षेत्र में देर शाम सभा को संबोधित कर बुधवार की चुनावी यात्रा को विश्राम देंगे। प्रचार के दूसरे दिन यानी गुरुवार को राहुल गांधी अमरेली जिले के लाठी, गडहड़ा, बरवाला में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। उसके बाद बल्लभीपुर और भाव नगर के नारी चोकडी में सभा के समापन के साथ वे दिल्ली प्रस्थान करेंगे।
सोमनाथ में हो सकता है मोदी-राहुल का सामना
पीएम मोदी और राहुल गांधी की चुनावी रैली का आमना-सामना बुधवार को सोमनाथ में हो सकता है। इस दफे के गुजरात विधानसभा चुनाव में दोनों ही नेता मंदिर जाने पर विशेष जोर दे रहे हैं। बुधवार के चुनावी कार्यक्रमों पर गौर करें तो सोमनाथ की रैली में राहुल और मोदी का आमना-सामना हो सकता है। दोनों ही नेता करीब एक ही समय एक ही जिले में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी बुधवार को चार चुनावी संभाओं को संबोधित करेंगे।
प्रात: 11 बजे उनकी पहली चुनावी सभा राजपूताना के लिए प्रसिद्ध सौराष्ट्र के मोरबी में है तो उनकी दूसरी चुनावी सभा करीब 1:25 पर सोमनाथ के प्राची में होगी। इसी समय के आसपास राहुल भी सोमनाथ की अपनी चुनावी सभा में पहुंचेंगे। सोमनाथ से प्राची की दूरी महज 23 किलोमीटर है। प्राची की सभा के बाद मोदी भावनगर जिले के पालीताना में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे दक्षिण गुजरात की ओर रुख करेंगे। उनकी चौथी चुनावी सभा शाम 5:30 बजे सूरत के नजदीक नवसारी में है।
मोदी का साथ देने पहुंचे योगी
गुजरात के चुनाव में पीएम मोदी पर बढ़ रहे प्रचार के दबाव को कम करने की कवायद में भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को पूरी तरह से चुनाव प्रचार में झोंक दिया है। मंगलवार को योगी ने दक्षिण गुजरात के वलसाड़ में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। बुधवार को वे तटवर्ती गुजरात के पटदी, जामनगर, रनावव और पोरबंदर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। अगले दिन 30 नवंबर को योगी का मुकाबला सीधे-सीधे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से होगा।
राहुल और योगी दोनों ही नेता गुरुवार को भावनगर जिले में चुनावी सभा के जरिए आमने-सामने होंगे। शायद यह पहला मौका है, जब योगी का मुकाबला चुनावी सभा में सीधे राहुल से होगा। 30 नवंबर को कलवाड़ और भावनगर में योगी की चुनावी सभाएं हैं। उसके बाद योगी भावनगर से दिल्ली रुख करेंगे।