मंगलावर को होने वाले राज्यसभा चुनाव के से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने भाजपा की जीत और कांग्रेस प्रत्याशी अहमद पटेल की हार का दावा किया है। रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान रूपानी ने कहा कि 'भाजपा राज्यसभा की तीनों सीट जीतेगी और अहमद पटेल की हार तय है।'
कांग्रेस विधायकों के रिसॉर्ट में ठहरने पर उन्होंने कहा कि 'गुजरात में बाढ़ से हालात बेकाबू हैं और विधायक रिसॉर्ट में मजे कर रहे थे। कांग्रेस के खुद के विधायक उनके कंट्रोल में नहीं।'
बता दें कि कांग्रेस ने भाजपा पर अपने विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने अपने 44 विधायकों को बंगलूरू के रिसॉर्ट में ठहराया हुआ था। ये सभी विधायक डीके शिवकुमार के रिसॉर्ट में ही रह रहे थे जिनके ठिकानों पर हाल ही में आयकर विभाग के छापे पड़े हैं। अब यह विधायक वापस गुजरात लौट आए हैं।
गौरतलब है कि अहमद पटेल गुजरात से पांचवीं बार राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं, लेकिन कांग्रेस के कद्दावर नेता शंकर सिंह वाघेला के पार्टी छोड़ने और छह कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने से उनके लिए मुश्किल खड़ी हो गई है।