शादी समारोह में भीड़ (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मेहसाणा में स्थानीय कांग्रेस नेता के बेटे की शादी में खाना खाने के दौरान 1200 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शनिवार को पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
विसनगर ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात विसनगर तालुका के सावला गांव में हुई। मेहसाणा के पुलिस अधीक्षक पार्थराजसिंह गोहिल ने कहा कि शादी में खाना खाने के बाद 1200 से अधिक लोग बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने बताया कि लोगों को खाना खाने के बाद उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सभी को विसनगर, मेहसाणा और वडनगर के विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शादी समारोह में परोसे गए खाने की जांच के लिए नमूने फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और खाद्य एवं औषधि विभाग ने एकत्र कर लिए हैं।
विसनगर ग्रामीण पुलिस ने बताया कि सावला गांव में एक स्थानीय कांग्रेस नेता के बेटे की शादी थी, जिसमें कई लोग शामिल हुए थे। शादी में मांसाहारी भोजन भी था। मामले की जांच की जा रही है।