गुजरात के साबरकांठा जिले में कथित तौर पर एक विधवा महिला का मुंडन करने के आरोप में चार पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि 30 वर्षीय विधवा महिला पर एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ संबंध में रहने के आरोप लगाने के बाद कुछ लोगों ने उसका सिर मूंड दिया था।
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार गंभोई पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर पीपी जानी ने बताया यह घटना हिम्मतनगर कस्बे के पास स्थित संचेरी गांव में 30 जून को हुई थी। मामले में छह आरोपियों को एक अगस्त को हिरासत में लिया गया था और एक दिन बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
सब इंस्पेक्टर पीपी जानी ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बताया, 'वदन सिंह चौहान, राजूजी चौहान, कालू सिंह चौहान, राकेश सिंह चौहान, सुरेखा चौहान और सोनल चौहान को एक महिला को प्रताड़ित करने और उसे आपराधिक धमकी देने व दंगा करने के इरादे से उस पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि 30 जुलाई को जब वह बैंक से कुछ काम निपटाकर घर लौट रही थी तब एक व्यक्ति ने उसे अपनी मोटरसाइकिल से छोड़ देने पेशकश की थी। इस व्यक्ति को वह जानती थी और यह आरोपियों में से एक की बहन का पति था। पर, चार आरोपियों ने उन्हें रायगढ़ गांव के पास रोक लिया।
यहां आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और बाद में दोनों को संचेरी ले गए। यहां छहों आरोपियों ने उन्हें मारा पीटा और महिला और उस व्यक्ति, दोनों का मुंडन कर दिया।