गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी का सोमवार को काफी व्यस्त कार्यक्रम है। वह गुजरात में भाजपा के विजय संकल्प सम्मेलन की तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी की पहली रैली सुबह 11 बजे सुरेंद्रनगर में होगी इसके बाद दोपहर करीब एक बजे जंबूसर और फिर तीन बजे नवसारी में चुनावी सभा करेंगे। पीएम मोदी ने पिछले विधानसभा चुनाव में गुजरात में 34 जनसभाएं की थीं, इस बार वे कम से कम 25 चुनावी सभाएं करने वाले हैं।
बता दें कि 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को होंगे। वोटों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। भाजपा ने गुजरात चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची की घोषणा पहले ही कर दी है। गुजरात में सत्ताधारी दल भाजपा 27 वर्षों से सत्ता में है और जनता से अपने सातवें कार्यकाल की मांग कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। राज्य लंबे समय से भाजपा का गढ़ रहा है और पार्टी की नजर इस बार भी भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटने पर है।
पिछले विधानसभा चुनावों में 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा के लिए घोषित परिणामों में भाजपा ने 99 सीटें, कांग्रेस ने 77 सीटें, एनसीपी एक सीट जबकि भारतीय ट्राइबल पार्टी ने दो और निर्दलीय उम्मीदवार ने तीन सीटें जीती थीं।