वडोदरा शहर में शुक्रवार को एक स्कूल की बहुमंजिला इमारत में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने के बाद 500 से ज्यादा बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
गुजरात के वडोदरा शहर में शुक्रवार को एक स्कूल की बहुमंजिला इमारत में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने के बाद 500 से ज्यादा बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
मकरपुरा दमकल केंद्र के उप अग्निशमन अधिकारी जयदीप गढ़वी ने बताया कि शहर के मकरपुरा इलाके में स्थित फॉनिक्स स्कूल में सुबह उस समय आग लग गई थी जब माध्यमिक और उच्च माध्यमिक के छात्र अपनी कक्षाओं में थे।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे गढ़वी ने बताया कि स्कूल ग्राउंड सहित चार मंजिला था और प्रत्येक मंजिल पर चार वातानुकूलित कक्षाएं थीं।
विज्ञापन
अधिकारी ने बताया, हमें जल्दी ही एहसास हुआ कि तीसरी मंजिल पर एमसीबी स्विचबोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। हालांकि आग मामूली थी लेकिन घने धुएं ने पूरी तीसरी मंजिल को ढक लिया था। पहली और दूसरी मंजिल के छात्र समय पर बाहर आने में सफल रहे, वहीं तीसरी और चौथी मंजिल के छात्र फंस गए थे क्योंकि धुएं के चलते कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
उन्होंने बताया कि सांस लेने के उपकरण सेट का इस्तेमाल करते हुए दो दमकलकर्मी इमारत में दाखिल हुए और उन्होंने तीसरी मंजिल पर लगी आग को बुझायी और फिर धुएं को साफ करने के लिए खिड़कियां खोलीं।
गढ़वी ने बताया, "धुआं साफ होने के बाद हमने सीढ़ी का उपयोग करके इमारत के मुख्य और आपातकालीन निकास से 500 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। पूरे ऑपरेशन में केवल एक छात्र को घुटने में मामूली चोट लगी है।"