Surat Gas Leak: सूरत में गैस लीक
- फोटो : ANI
सूरत के औद्योगिक क्षेत्र में एक टैंकर से जहरीली गैस के रिसाव से छह लोगों की मौत के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गैर इरातदन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए चार लोगों में दो ट्रांसपोर्टर, एक बैंक कर्मचारी और एक गैरेज मालिक शामिल है। गुरुवार को हुई इस घटना में छह कर्मचारियों की मौत हो गई थी तो 22 लोगों की हालत गंभीर थी, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में ट्रांसपोर्टर आशीष गुप्ता ने जयप्रताप तोमर और यादव के रूप में पहचाने जाने वाले एक अन्य व्यक्ति को रासायनिक कचरे की आपूर्ति की थी। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति की पहचान प्रेमसागर गुप्ता के रूप में हुई है।
प्रिंटिंग मिल में हुआ था हादसा
गुजरात के सूरत में गुरुवार को प्रिंटिंग मिल में सुबह-सुबह गैस लीक हो गई। इससे छह कर्मचारियों का दम घुट गया और उनकी जान चली गई। हादसे में 22 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर हो गई।विश्व प्रेम डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के पास टैंकर से गैस रिसाव के कारण यह हादसा हुआ था।
सुबह साढ़े चार बजे हुई घटना
सूरत नगर निगम के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक ने बताया कि सुबह करीब चार बजकर 25 मिनट पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने बताया कि सचिन औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थिति प्रिटिंग मिल के पास खड़े टैंकर से गैस रिसाव के कारण कई कर्मचारियों को सांस लेने में तकलीफ हुई। इस घटना में कई कर्मचारी बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब छह लोगों की मौत अस्पताल में हो गई। दमकल कर्मचारियों ने टैंकर के वाल्व को बंद करके गैस रिसाव पर काबू पाया।