राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए कालोल विधानसभा सीट से पत्नी की जगह बहू को टिकट मिलने से भाजपा सांसद प्रभातसिंह चौहान नाराज हो गए हैं। सांसद ने शीर्ष नेतृत्व को चेतावनी दी है कि यदि यहां से उम्मीदवार नहीं बदला गया तो वह यहां से जीत की गारंटी नहीं दे सकेंगे।
भाजपा ने शुक्रवार को दूसरे चरण के 13 उम्मीदवारों की जारी अपनी पांचवीं सूची में मौजूदा पंचमहल जिले की कालोल सीट से विधायक अरविंदसिंह चौहान का टिकट काटकर सुमन सिंह को टिकट दिया था। सांसद ने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिख कर सुमन सिंह के स्थान पर किसी स्थानीय को टिकट देने की मांग की है।
पढ़ें- गुजरात में राहुल ने केंद्र को घेरा, बोले- देश में बढ़ी बेरोजगारी और पड़ रही गब्बर सिंह टैक्स की मार
हालांकि सांसद चौहान ने स्पष्ट रूप से अपनी पत्नी के लिए टिकट की दावेदारी नहीं की है लेकिन हाल ही उन्होंने अपनी पत्नी को कालोल सीट से उपयुक्त उम्मीदवार बताया था। पत्र में सांसद ने अपने बेटे प्रवीणसिंह पर ‘शराब तस्कर’ होने का आरोप लगाया और कहा कि वह और उसकी पत्नी जेल भी जा चुके हैं।