गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
आणंद जिले की पेटलाद विधानसभा सीट राज्य की उन सीटों में शामिल है जहां मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का दशकों से दबदबा रहा है। अबकी बार यहां से कांग्रेस ने डॉ. प्रकाश परमार को उतारा था। परमार ये चुनाव हार गये, उन्हें भाजपा के कमलेश पटेल ने 17,954 वोटों से हराया।
1962 में इस सीट पर पहली बार चुनाव हुए थे। कांग्रेस के सामने यहां भले ही लड़ाई में भाजपा ही रही है लेकिन जीत उसे केवल एक ही बार 2002 के चुनाव में मिली है। अब तक हुए 13 में से नौ चुनाव कांग्रेस ने जीते हैं। यही कारण है कि ये सीट कांग्रेस के लिए एक गढ़ के रूप में देखी जाती है।
2017 में यहां कांग्रेस को जीत मिली
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार निरंजन पटेल ने भाजपा के पूर्व विधायक सीडी पटेल को दस हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में कुल सात ही उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा एवं कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी पांच की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 चुनाव में इस सीट को कांग्रेस ने ही जीता था। कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे निरंजन पटेल ने भाजपा उम्मीदवार दीपक भाई पटेल को शिकस्त दी थी।
छह बार के विधायक का कांग्रेस ने टिकट काटा था
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर कांग्रेस ने छह बार के विधायक निरंजन पटेल का टिकट काट दिया था। फैसले से नाराज पटेल ने बाद में विधायक पद व कांग्रेस की सदस्यता दोनों से इस्तीफ़ा दे दिया। कांग्रेस ने उनकी जगह डॉ. प्रकाश परमार को मैदान में उतारा था। वहीं, भाजपा ने कमलेश पटेल को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से अर्जुनभाई भारवाड़ मैदान में थे। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में आणंद जिले में कांग्रेस ने बनाई थी बढ़त
पेटलाद विधानसभा सीट, आणंद जिले में आने वाली सात विधानसभा सीटों में से एक है। 2017 में जिले की सात में से पांच सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी। वहीं, दो सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करने में सफल रही थी।