गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
2022 गुजरात चुनाव में भावनगर जिले की पालिताणा विधानसभा सीट राज्य की अहम सीटों में से एक रही है। ये सीट राज्य की सत्ताधारी दल भाजपा एवं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है। इस बार भाजपा ने भीखाभाई बरैया को टिकट दिया था। इस चुनाव में बरैया ने कांग्रेस ने प्रवीणभाई राठौड़ को 27,577 वोटों से हरा दिया। बसपा उम्मीदवार समेत चार उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है।
इस सीट पर भाजपा ने छह तो कांग्रेस ने पांच चुनाव जीते हैं। इसके अलावा सीपीआई, जनता दल एवं निर्दलीय उमीदवार को भी यहां एक-एक बार जीत हासिल हुई है। 1962 में इस सीट पर पहली बार चुनाव हुए थे।
2017 में यहां भाजपा को जीत मिली थी
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार भीखाभाई रावजीभाई बरैया ने कांग्रेस के प्रवीणभाई जिनाभाई राठौड़ को 14 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में 15 उम्मीदवार मैदान में थे जिनमें से 13 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 चुनाव में इस सीट को कांग्रेस ने जीता था। कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे प्रवीणभाई जिनाभाई राठौड़ ने भाजपा उम्मीदवार महेंद्र सिंह सरवैया को शिकस्त दी थी।
भाजपा ने मौजूदा विधायक का टिकट बरकरार रखा था
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक भीखाभाई रावजीभाई बरैया को टिकट दिया था। वहीं, कांग्रेस ने प्रवीणभाई जिनाभाई राठौड़ को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से जीणाभाई परशोत्तमभाई खेनी मैदान में थे। इस सीट पर एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हुआ। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में भावनगर जिले की 6 सीट पर जीती थी भाजपा
पालिताणा सीट, भावनगर जिले के अंतर्गत आने वाली सात सीटों में से एक है। 2017 में जिले की सात में से छह सीट पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, एक सीट पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।