गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। चार सीटें अन्य के झोली में गिरी।
2022 गुजरात चुनाव में अहमदाबाद जिले की असरवा सीट भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। पार्टी ने 1990 से लेकर अब तक हुए सभी चुनाव जीते हैं। भाजपा ने इस चुनाव के लिए मौजूदा विधायक प्रदीप परमार की जगह दर्शनाबेन वाघेला को अपना प्रत्याशी बनाया था। वाघेला ने कांग्रेस के विपुल परमार को 54,173 वोटों से हराया।
2017 में यहां भाजपा को मिली थी जीत
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने प्रदीप परमार को टिकट दिया था। परमार ने कांग्रेस के कनुभाई वाघेला को 49 हजार वोटों से करारी शिकस्त दी थी। इस चुनाव में कुल नौ उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी सात उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। 2017 से पहले 2012 में भी इस सीट पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी। उस चुनाव में भाजपा के रजनीकांत पटेल ने कांग्रेस के मंगल सूरजकर को शिकस्त दी थी।
1990 से इस सीट पर नहीं हारी भाजपा
उत्तर गुजरात की ये सीट सत्ताधारी भाजपा के लिए एक मजबूत किले के रूप में मानी जाती है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट पर बारी बारी से दशकों तक कांग्रेस व भाजपा ने राज किया है। भाजपा ने 1990 से लेकर अब तक हुए सभी चुनाव जीते हैं। हालांकि, 1962 से लेकर 1985 तक इस सीट पर कांग्रेस ने भी सभी चुनाव जीते थे।
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक प्रदीप परमार का टिकट काट दिया था, उनकी जगह भाजपा ने महिला उम्मीदवार दर्शनाबेन वाघेला को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर विपुल परमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में अहमदाबाद जिले की 15 सीटों पर जीती थी भाजपा
असरवा सीट अहमदाबाद जिले में आती है। इस जिले में कुल 21 सीटें हैं। 2017 में जिले की 21 में से 15 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, छह सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।