गुजरात के वडोदरा में एक 23 वर्षीय व्यक्ति की बाइक एक एसयूवी से टकराने के बाद पिकअप वैन से टकरा गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पिछले हफ्ते वाघोडिया शहर में घटी। सीसीटीवी में घटना कैद हो गई, जिसमें देखा गया कि महिंद्रा एसयूवी ने यू-टर्न लेने के लिए अपनी रफ्तार धीमी की। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि राइट इंडिकेटर ऑन था या नहीं। जैसे ही कार ने टर्न लिया, एक तेज रफ्तार बाइक उससे टकरा गई। इस टक्कर के बाद बाइक सवार अपने वाहन से गिर गया और सामने से आर रही एक पिकअप वैन ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता ने दर्ज कराई शिकायत
मृतक की पहचान मेहुल के तौर पर की गई है। उनके पिता प्रवीण तड़वी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा वाघोडिया जीआईडीसी में नौकरी करता था और छह महीने पहले ही उसने बाइक खरीदी थी। घटना वाले दिन वह सुबह आठ बजे काम के लिए घर से निकला। दोपहर के समय उन्होंने मेहुल को फोन कर बताया कि घर में खाने के लिए के लिए कुछ भी नहीं है, इसलिए वह रेस्तरां से खाना ऑर्डर कर दें। जब यह हादसा हुआ तब युवक अपने रास्ते पर ही था।
2022 में हुई चार लाख से अधिक सड़क दुर्घटनाएं
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की पिछले साल की रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में भारत में 4.6 लाख सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिसमें 1.68 लाख लोगों की मौत हो गई और 4.43 लाख लोग घायल हो गए। इस रिपोर्ट में बताया कि इससे पहले के वर्षों की तुलना में 2022 में दुर्घटनाओं में 11.9 प्रतिशत और मौतों में 9.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।