केंद्रीय बिजली व कोयला राज्यमंत्री पीयूष गोयल
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में होने वाली घंटों बिजली कटौती पर बिजली मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि देश में बिजली की कोई कमी नहीं है और अगर कोई राज्य बिजली की खरीदारी करना चाहता है तो पोर्टल पर जाकर बिजली की खरीदारी कर सकता है।
उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद के वसुंधरा इलाके में आठ-दस घंटे की बिजली कटौती चल रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ देश के कई अन्य राज्यों में भी घंटों बिजली की कटौती की जा रही हैं।
गोयल ने बताया कि राज्यों की मांग को पूरा करने केलिए देश में बिजली की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्युएबल एनर्जी) की पूरी क्षमता का दोहन करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने संसद को बताया कि वर्ष 2022 तक सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता को 1.75 लाख मेगावाट करना चाहती है। गोयल ने बताया कि सरकार कूड़े से बिजली उत्पादन का अन्वेषण कर रही है और इनसे जुड़ी कुछ परियोजनाओं को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल व सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी का इंतजार है।
गोयल ने बताया कि पिछले साल सोलर व अन्य नवीकरणीय स्त्रोत से 65 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले 32 सालों में सोलर बिजली की उत्पादन क्षमता 2632 मेगावाट की जा सकी, लेकिन पिछले दो साल में सोलर बिजली की उत्पादन क्षमता में 4130 मेगावाट का विस्तार किया गया। जो काम 32 सालों में किया गया उसे डेढ़ गुना काम दो वर्षों में किया गया।