नोटबंदी के बाद अब बेनामी संपत्ति रखने वालों का नंबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीछे हटने वाले नहीं हैं। बेनामी संपत्ति रखने वालों पर भी कार्रवाई होगी। यह कहना है कि केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन का। उन्होंने निघासन के झंडी रोड स्थित अशोक चौधरी के प्लाट में और सिसैया (धौरहरा) के ओएनजीसी अस्पताल परिसर में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश में 70 सालों से अमीर और अमीर होता जा रहा है, जबकि गरीब और अधिक गरीब हो गया है।
परिवर्तन यात्रा सभा में केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन ने कहा कि देश में तमाम अपात्रों के राशन कार्ड बनाए गए थे। जब राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ा गया तो करीब 22 लाख से अधिक राशन कार्ड फर्जी मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के सभी प्रदेशों को करोड़ों रुपये देकर भूमि की जांच कर सोइल कार्ड देने के लिए कहा था, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार अब तक 38 लाख रुपये तक खर्च नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से मोदी सरकार बनने के बाद पांच सौ हजार के नोटों की कद्र समाप्त हो गई है। उसी प्रकार से आने वाले समय में देश से अमीरों की कद्र भी समाप्त हो जाएगी। नोटबंदी से देश को जो फायदा मिला है। वह आने वाले बजट में जनता को जरूर दिखाई पड़ेगा।
जिंदों को मिलने वाला वजीफा सपा ने डकार लिया
बतौर विशिष्ट अतिथि आए सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर ने कहा कि परिर्वतन यात्रा का मतलब सत्ता हथियाना नहीं है। देश और पूरे प्रदेश में परिवर्तन लाना है। उन्होंने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिंदों को मिलने वाला वजीफा सपा ने डकार लिया और मुर्दों के लिए दीवार बनाई जा रही है।
सपा और बसपा पर पिछड़ों और अगड़ों की विरोधी बताया। सभा को सांसद अजय मिश्र टेनी, पूर्व सहकारिता मंत्री रामकुमार वर्मा, सांसद रेखा वर्मा, आशीष मिश्रा मोनू, अरविंद सिंह संजय आदि ने संबोधित किया। संचालन विनोद लोधी ने किया।
सिसैया के ओएनजीसी अस्पताल परिसर में आयोजित सभा में केंद्रीय कृषि मंत्री ने क्षेत्र की नब्ज परखी और कहा कि माया और मुलायम ने उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार का जो कीचड़ फैलाया है, उसमें कमल खिलाने का समय आ गया है। सांसद रेखा वर्मा और अजय मिश्र टेनी ने भी सभा को संबोधित किया।
सभा में सतीश शर्मा, रमेश सिंह, रेखा वर्मा, समर प्रताप सिंह, श्याम किशोर अवस्थी, अरविंद गिरि, अंकित अवस्थी, अनुपम अवस्थी आदि समर्थकों संग मौजूद रहे।