गोपाल कांडा ने मीडिया के सामने यह भी दावा किया कि सभी निर्दलीय विधायक भाजपा को बिना शर्त समर्थन के लिए तैयार हैं। बता दें कि कुछ ही देर में दिल्ली के हरियाणा भवन में कांडा और दूसरे निर्दलीय विधायकों की मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात होनी है।
बता दें, गोपाल कांडा साल 2009 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज कर हुड्डा सरकार में मंत्री बने थे। साल 2012 में उनकी एयरलाइन कंपनी एमडीएलआर में काम करने वाली महिला कर्मचारी गीतिका शर्मा न आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में कांडा को मुख्य आरोपी बनाया गया था।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के गुरुवार को आए नतीजों के बाद बने समीकरणों के चलते कांडा एक बार फिर चर्चा में आ गए। इसके साथ ही गोपाल कांडा को लेकर सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड शुरू हो गया। हरियाणा लोकहित पार्टी के संस्थापक गोपाल कांडा ने सिरसा से चुनाव जीता है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल सेतिया को 602 वोटों से हराया।
हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। यहां भाजपा को 40, कांग्रेस को 31, जेजेपी को 10 और अन्य को 8 सीटें हासिल हुई हैं। ऐसे में गोपाल कांडा ने भाजपा को समर्थन का एलान किया है। वहीं भाजपा खुद भी प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। बता दें कि हरियाणा में सरकार बनाने के लिए छह विधायकों की जरूरत है।