गो एयर ने अपने कर्मचारियों को रोटेशन आधार पर बिना वेतन छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि कोरोना वायरस के चलते सीमित उडा़नें के कारण उसने ये फैसला लिया है। मंगलवार से ही गो एयर ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें बंद करने का फैसला लिया है।
कंपनी ने कहा कि हम अपनी सभी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें 17 मार्च से 15 अप्रैल तक बंद कर रहे हैं। इसके साथ ही कंपनी ने कम समय के लिए रोटेशन आधारित बिना वेतन छुट्टी वाला कार्यक्रम बनाया है जिससे हमें मौजूदा स्थिति से निपट सकें।
बता दें कि कोरोना वायरस के चलते कई एयरलाइंस ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को कुछ वक्त के लिए रोक दिया है। उधर, केंद्र सरकार की ओर से सभी वीजा आवेदन निरस्त करने के निर्णय से उड़ानों पर खासा असर पड़ा है।
विदेश आने-जाने वाले यात्रियों में कमी
कोरोना वायरस की वजह से विदेश जाने-आने वाले यात्रियों की संख्या काफी घट गई है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट ऑपरेशन जहां 50 प्रतिशत ही हो रहा है, वहीं यात्रियों की तादाद भी 20-30 प्रतिशत ही रह गई है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से औसतन प्रतिदिन 290-310 इंटरनेशनल फ्लाइट संचालित होती हैं। इनमें 40-50 प्रतिशत विमान उड़ान नहीं भर सके। इसी तरह अमूमन 25 हजार यात्री विदेश से आते हैं और 20 हजार के करीब जाते हैं। इस संख्या में काफी कमी आई है।