गोवा के हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा को 20 सीटें मिली हैं। उसे बहुमत के लिए मात्र एक सदस्य का समर्थन चाहिए। सावंत ने एमजीपी के दो विधायकों के समर्थन से लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का दावा पेश किया है।
गोवा में भाजपा नेता व तीसरी बार विधायक चुने गए प्रमोद सावंत 28 मार्च को राज्य में दूसरी बार सीएम पद की बागडोर संभालेंगे। इसी दिन उन्हें राज्य के सीएम पद की शपथ दिलाई जाएगी। वह लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खासतौर से शामिल होंगे।
विज्ञापन
सावंत ने मंगलवार को पणजी में पत्रकारों को बताया कि शपथ समारोह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में 28 मार्च को सुबह 11 बजे होगा। इसमें पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सात भाजपा शासित राज्यों के सीएम भी शामिल होंगे।
भाजपा पहले ही गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई को 25 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंप चुकी है। राज्यपाल ने उन्हें राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। तीन बार के विधायक सावंत गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेंगे। सोमवार को उन्हें सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।
विज्ञापन
एमजीपी के दो विधायकों व तीन निर्दलीय का समर्थन
गोवा के हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा को 20 सीटें मिली हैं। उसे बहुमत के लिए मात्र एक सदस्य का समर्थन चाहिए। सावंत ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों के समर्थन से लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का दावा पेश किया है। उनके साथ तीन निर्दलीय विधायक भी हैं।
आयुर्वेद चिकित्सक हैं सावंत
48 वर्षीय सावंत उत्तरी गोवा के सांकलिम से विधायक हैं। 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने पर्रिकर की मृत्यु के बाद मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। सावंत पेशे से आयुर्वेद चिकित्सक हैं।