रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने गतिमान एक्सप्रेस को मंगलवार को हरी झंडी दिखाई।
- फोटो : कुमार संजय
सेमी बुलेट ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस को मंगलवार को रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने दिल्ली स्थित निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन ने दिल्ली से आगरा तक की 188 किमी की दूरी 100 मिनट में पूरी कर ली। रेलवे का दावा भी था कि गतिमान एक्सप्रेस 100 मिनट में ही दिल्ली से आगरा पहुंच जाएगी पर इसका किराया जानकर आपके होश उड़ सकते हैं।
भारतीय रेलवे की वेबसाइट आईआरसीटीसी पर भी ट्रेन का ''ट्रेवेल टाइम' एक घंटे 40 मिनट ही दर्ज है। दिल्ली और आगरा के बीच भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस का 'ट्रेवेल टाइम' एक घंटे 57 मिनट है, यानी कि गतिमान एक्सप्रेस से लगभग 17 मिनट ज्यादा। हालांकि ' ट्रेवेल टाइम' में 17 मिनट का फर्क होने के बाद भी गतिमान एक्सप्रेस के एग्जिक्यूटिव क्लास के किराए और शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जिक्यूटिव क्लास के किराए में 490 रुपए का फर्क है।
गतिमान एक्सप्रेस का एग्जिक्यूटिव क्लास का किराया 1500 रुपए है, जबकि उसी दूरी के लिए भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस का किराया 1010 रुपए है। गतिमान एक्सप्रेस की चेयर कार श्रेणी का किराया 750 रुपए है, जबकि भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में उसी श्रेणी का किराया 515 है। उल्लेखनीय है कि इन किरायों में सर्विस टेक्स और बुकिंग के वक्त लगने वाले बैंक चार्ज शामिल नहीं है।
हर महीने सवा तीन करोड़ कमाएगी गतिमान एक्सप्रेस
गतिमान एक्सप्रेस दो एग्जिक्यूटिव क्लास और आठ चेयर कार श्रेणी के कोच हैं।
- फोटो : कुमार संजय
माना जा रहा है कि गतिमान एक्सप्रेस से हर महीने रेलवे को सवा तीन करोड़ रुपए की आय होगी। महीने में 26 दिन ही ट्रेन का परिचालन होगा। ट्रेन में 12 कोच हैं, जिसमें दो एग्जिक्यूटिव क्लास और आठ चेयर कार श्रेणी के कोच शामिल हैं।
ट्रेन में 5,500 हॉर्स पॉवर का इंजन लगा है, जबकि हाई पॉवर इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम, ऑटोमेटिक फायर अलार्म और जीपीएस बेस्ड पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम की सुविधाएं भी हैं। गतिमान एक्सप्रेस में स्लाइडिंग डोर लगे हैं।
रेलवे का दावा है कि गतिमान एक्सप्रेस के सभी कोच में महिला और पुरुष ट्रेन हॉस्टेस की सुविधा होगी। होस्टेस अभिवादन के साथ यात्रियों का स्वागत करेंगे और जरूरी सामान यात्रियों को उपलब्ध कराएंगे। यात्रियों की मांग के अनुसार उन्हें खाने-पीने की समाग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध होगी। गतिमान एक्सप्रेस के कई अन्य सुविधाएं भी दी गई है।