फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा जल संधि: कूटनीतिक तनाव के बीच गंगा जल संधि का क्या है भविष्य, भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ेगा विवाद?

Wed, 25 Nov 2026 06:10 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

भारत और बांग्लादेश के बीच 30 साल पुरानी गंगा जल संधि अब नवीनीकरण के दौर में है। पानी की न्यूनतम गारंटी से लेकर बिहार की आपत्ति तक कई मुद्दे इस समझौते के भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं। 
विज्ञापन
Ganga Water Treaty - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गंगा जल संधि भारत और बांग्लादेश के बीच पानी के बंटवारे से जुड़ा एक अहम समझौता है। वहीं 30 साल बाद अब इसके भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ बांग्लादेश अपने हिस्से के पानी की सुरक्षा चाहता है, तो दूसरी तरफ भारत अपनी बढ़ती आबादी, खेती और घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई शर्तें चाहता है। पश्चिम बंगाल और बिहार की आपत्तियों ने भी इस मुद्दे को और अहम बना दिया है। ऐसे में सवाल है कि क्या दोनों देश आपसी सहमति से संधि को नया रूप दे पाएंगे या गंगा का पानी एक बार फिर कूटनीतिक तनाव की वजह बनेगा?

विज्ञापन


12 दिसंबर 1996 को दोनों देशों के बीच हुए इस समझौते को 30 साल के लिए लागू किया गया था। अब इसकी अवधि समाप्त होने में कुछ ही समय बचा है। ऐसे में इसके नवीनीकरण को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सवाल यह है कि क्या संधि को पुरानी शर्तों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा या पानी के बंटवारे से जुड़े नियमों में बदलाव होगा? 

वहीं इस बीच भारत और बांग्लादेश के प्रतिनिधियों के बीच 21-22 नवंबर को ढाका में भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति की 91वीं नियमित बैठक हुई। हालांकि, इस बैठक में 1996 की गंगा जल संधि के रिन्यूअल पर चर्चा हुई या नहीं इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। 
विज्ञापन


गंगा नदी के पानी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच विवाद आज का नहीं है। इसकी शुरुआत 1950 के दशक में ही हो गई थी। उस समय भारत ने पश्चिम बंगाल में फरक्का बैराज बनाने का प्रस्ताव रखा था। यह जगह उस समय के पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान में बांग्लादेश) की सीमा से करीब 18 किलोमीटर दूरी पर थी। भारत का मकसद गंगा के पानी को हुगली नदी की ओर मोड़ना था ताकि कोलकाता बंदरगाह के आसपास जमा गाद को हटाया जा सके और जहाजों की आवाजाही के लिए नदी को चालू रखा जा सके।

इसके बाद फरक्का बैराज का निर्माण साल 1961 में शुरू हुआ और 1975 में पूरा होने के बाद यहां से गंगा का पानी हुगली नदी की ओर मोड़ा जाने लगा। हालांकि, इस परियोजना को लेकर निर्माण के दौरान ही भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बढ़ने लगा था। बांग्लादेश का आरोप था कि पानी मोड़ने से उसके हिस्से में गंगा का प्रवाह कम हो रहा है। इस विवाद ने 1976 में बड़ा रूप ले लिया जब बांग्लादेश के नेता मौलाना भासानी ने भारत की जल नीति के खिलाफ फरक्का लॉन्ग मार्च का नेतृत्व किया। उन्होंने बैराज को हटाने की मांग की थी। उस दौरान उनका कहना था कि इसकी वजह से बांग्लादेश में गंगा की मुख्य वितरिका पद्मा का जलस्तर घट रहा है। इससे सूखे और मरुस्थलीकरण का खतरा बढ़ रहा है।

इसके बाद दोनों देशों ने पानी के बंटवारे को लेकर कई बार समझौते करने की कोशिश की। 1977, 1982 और 1985 में अस्थायी समझौते भी हुए लेकिन इनमें से कोई भी लंबे समय तक चलने वाला समाधान नहीं दे पाया। आखिरकार दिसंबर 1996 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में दोनों देशों ने गंगा जल बंटवारा संधि पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत 30 साल के लिए पानी के बंटवारे की व्यवस्था बनाई गई। वहीं संधि को लागू करने और इसकी निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति गठित की गई।

Trending Videos
विज्ञापन

Ganga Water Treaty - फोटो : Amar Ujala
1996 की संधि में गंगा के पानी के बंटवारे के लिए तीन स्तरों वाला फॉर्मूला तय किया गया। यह व्यवस्था जनवरी से मई के बीच यानी गर्मियों के शुष्क मौसम में लागू होती है। इसके लिए 1949 से 1988 के बीच गंगा में पानी के औसत प्रवाह के पुराने आंकड़ों को आधार बनाया गया। पानी का बंटवारा हर 10 दिन की अवधि के हिसाब से तय किया गया है। इस समझौते के मुताबिक अगर फरक्का में गंगा का जल प्रवाह 70 हजार क्यूसेक या इससे कम रहता है, तो भारत और बांग्लादेश के बीच पानी बराबर बांटा जाएगा। वहीं अगर प्रवाह 70 हजार से 75 हजार क्यूसेक के बीच रहता है, तो बांग्लादेश को 35 हजार क्यूसेक पानी मिलेगा और बाकी पानी भारत के हिस्से में जाएगा।

इसके अलावा अगर पानी का प्रवाह 75 हजार क्यूसेक या इससे अधिक होता है, तो भारत को 40 हजार क्यूसेक पानी मिलेगा और बचा हुआ पानी बांग्लादेश को दिया जाएगा। इस तरह संधि में पानी की उपलब्धता के आधार पर दोनों देशों के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाई गई थी। उस समय इस समझौते को भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि माना गया था।

संधि में 11 मार्च से 10 मई के बीच तीन अलग-अलग 10 दिनों की अवधि में दोनों देशों को 35-35 हजार क्यूसेक पानी देने का प्रावधान है। वहीं बांग्लादेश की सबसे बड़ी आपत्ति यह है कि समझौते में पानी की न्यूनतम गारंटी तय नहीं की गई है। अगर फरक्का बैराज पर पानी का बहाव किसी 10 दिन की अवधि में 50 हजार क्यूसेक से नीचे चला जाता है, तो क्या होगा? इसे लेकर पानी की किसी तय मात्रा का फॉर्मूला नहीं है। हालांकि, ऐसी स्थिति में दोनों देश आपातकालीन आधार पर तुरंत बातचीत करके समस्या का समाधान करेंगे। ऐसे में बांग्लादेश के कई नेता और जल संसाधन मंत्री संधि में गारंटी क्लॉज जोड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि सूखे के मौसम में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। 

भारत के लिए संधि में न्यूनतम गारंटी का प्रावधान न होना काफी अहम है। इससे पानी का बहाव 50 हजार क्यूसेक से कम होने पर दोनों देशों को बातचीत के जरिए पानी का बंटवारा तय करने की गुंजाइश मिलती है। दरअसल, 1977 के समझौते में बांग्लादेश को उसके तय हिस्से का कम से कम 80 फीसदी पानी देने की गारंटी थी। वहीं 1982 के समझौता में इस शर्त को हटा दिया गया। 1996 में मौजूदा संधि पर दोनों देशों के बेहतर रिश्तों के दौर में सहमति बनी थी। अब बांग्लादेश में बीएनपी की ओर से न्यूनतम गारंटी की मांग उठने से नवीनीकरण पर बातचीत मुश्किल हो सकती है।

समय के साथ 1996 की गंगा जल संधि को लेकर दोनों देशों में आलोचना होती रही है। इसकी प्रमुख वजह यह है कि इस संधी में बढ़ती आबादी की पानी की जरूरतों और जलवायु परिवर्तन से पैदा होने वाली चुनौतियों को ध्यान में नहीं रखा गया। अब दोनों देश संधि की शर्तों में बदलाव चाहते हैं। भारत मार्च से मई के बीच अपने लिए 30 से 35 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी की मांग कर सकता है। वहीं बांग्लादेश फरवरी से मई तक 40 हजार क्यूसेक पानी की गारंटी, लंबी अवधि की संधि और बाढ़ से जुड़े आंकड़े साझा करने की मांग कर रहा है।

भारत चाहता है कि नई गंगा जल संधि में उसकी घरेलू जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाए। इसमें बढ़ती आबादी, खेती के लिए पानी की मांग और नदी के बदलते प्रवाह जैसे मुद्दे शामिल हैं। वहीं बिहार ने इस समझौते को आगे बढ़ाने पर आपत्ति जताई है। उसका कहना है कि गंगा का पानी बांग्लादेश की ओर मोड़ने से बिहार के विकास पर असर पड़ सकता है। इस पर भारत के विदेश मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि संधि के नवीनीकरण को लेकर होने वाली बातचीत में बिहार के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें