प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
- फोटो : ANI
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नौ दिसंबर को भारत की जी-20 अध्यक्षता को लेकर बुलाई गई दूसरी बैठक में भाग लेंगी। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ममता बनर्जी कालीघाट स्थित अपने आवास से वर्चुअली बैठक में शामिल होंगी।
इस बीच ममता बनर्जी ने बुधवार को सरकार पर निशाना साधता। उन्होंने आरोप लगाया कि वह संसद में अपने बहुमत का उपयोग जबरन विधेयक पारित कराने में कर रही है। पार्टी के सांसदों के साथ रणनीतिक बैठक के बाद ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कम से कम 16 विधेयक ऐसे हैं, जो राज्यों के मामलों में हस्तक्षेप करने वाले हैं। इन्हें संसद के शीतकालीन सत्र में विचार तथा पारित कराने के लक्ष्य से उन्हें सूचीबद्ध किया गया है।
उन्होंने कहा कि आपने देखा है कि अगर विपक्ष आवाज उठाता है तो बहुमत के कारण सत्तापक्ष बिना किसी मतदान के विधेयक पारित करवा लेता है। वे स्थाई समितियों या प्रवर समितियों की रिपोर्ट को भी स्वीकार नहीं करते हैं। हमें डर है कि क्या हमारा संसदीय लोकतंत्र अपनी प्रतिष्ठता और सम्मान को बनाए रख सकेगा, जोकि आज तक सुरक्षित रही है।
ममता ने कहा कि लोकतंत्र में कई राजनीतिक पार्टियां और कई विचारधाराएं होती हैं, लेकिन संसदीय बहुमत हमेशा विजयी रहता है। इसका अर्थ यह नहीं है कि आप विपक्ष की आवाज, राज्यों और मीडिया को दबा देंगे। हमारी पार्टी पूरे दमखम से उनका सामना करेगी और अत्याचारों के खिलाफ लड़ने के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ सहयोग करेगी।