गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक चार दशक पुराने पुल का हिस्सा ढह जाने से कई वाहन नदी में गिर गए। जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई। नौ अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला लिया गया। इनमें से पांच को एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों के लिए दो-दो लाख और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की मदद का एलान किया।
1985 में बना था पुल
गुजरात के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि पुल का निर्माण 1985 में हुआ था। समय-समय पर इसका रखरखाव किया जाता था। उन्होंने कहा, घटना के पीछे के सटीक कारण की जांच की जाएगी। तस्वीरों में दो खंभों के बीच पुल का पूरा स्लैब ढहता हुआ दिखाई दे रहा है। स्लैब के ढहने से उस पर से गुजर रहे वाहन नदी में गिर गए। लगभग 900 मीटर लंबे गंभीरा पुल में 23 खंभे हैं और यह गुजरात के वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ता है।
ये भी पढ़ें: CBI: सीबीआई ने आर्थिक अपराधी मोनिका कपूर को अमेरिका से किया गिरफ्तार, 26 साल से चल रही थी फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहनों के नदी में गिरने से पहले तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और वडोदरा जिला प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को मलबे से निकालने में मदद की। अब तक तीन लोगों को बचाया गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती किया गया है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि ये पुल न केवल ट्रैफिक दुर्घटनाओं के हिसाब से खतरनाक है, बल्कि यहां आत्महत्या की कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसकी स्थिति के बारे में बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।
पुलिस ने बताया कि पुल ढहने की घटना में मारे गए 10 लोगों में दो साल का एक बच्चा और उसकी चार वर्षीय बहन भी शामिल हैं। मृतकों में से अधिकतर वडोदरा और आणंद जिले के निवासी थे।एसएसजी अस्पताल में इलाज करा रहे पांच लोगों में से चार पुरुष और एक महिला हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक पड़ोसी राजस्थान के उदयपुर जिले का रहने वाला है।
गृह मंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया
घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, गुजरात के वडोदरा जिले में हुआ हादसा बहुत ही दु:खद है। एनडीआरएफ की टीम दुर्घटना स्थल पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है और हताहतों को हर संभव मदद पहुँचाई जा रही है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, मेरी संवेदनाएँ उनके साथ हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।