केजरीवाल सरकार राजधानी के वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त में तीर्थ यात्रा कराने जा रही है। 77,000 तीर्थ यात्रियों के लिए सरकार अब बसों की जगह ट्रेन का इस्तेमाल करेगी। तीर्थ यात्रा सालाना पांच तीर्थों के लिए चलायी जाएगी। यह तीर्थ यात्रा 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के अंतर्गत कराई जाएगी। दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम ने इसके लिए सरकार के पास आईआरसीटीसी के साथ एक अनुबंध (एग्रीमेंट) करने के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। एग्रीमेंट के तहत आईआरसीटीसी यात्रियों को ले जाने के साथ-साथ होटलों में रहने और अन्य सुविधाओं का भी ख्याल रखेगी।
भारतीय स्टेट बैंक ने बिजली बचाने और और सोलर उर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। एसबीआई पूरे देश में लगभग 10,000 एटीएम सौर पैनल स्थापित करने के बारे में सोच रहा है। बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी है मौजूदा समय में, बैंक के लगभग 1,200 एटीएम केन्द्र सौर ऊर्जा से चल रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर आप जल्द सेल्फी शेयर करने के साथ ही शॉपिंग का भी लुत्फ उठा सकेंगे। फेसबुक ‘आईजी शॉपिंग’ नाम का एक नया एप पेश करने की तैयारियों में जुटा है, जो इंस्टाग्राम पर पसंदीदा उत्पादों को खोजने और खरीदने की सुविधा देगा। फेसबुक ई-कॉमर्स बाजार में इंस्टाग्राम के बढ़ते प्रभाव से खासा उत्साहित है। फोटो शेयरिंग के बीच एप पर यूजर को पसंदीदा फैशन ब्रांड के कपड़े, असेसरीज और बाकि प्रॉडक्टस खरीदने की सुविधा देने के इरादे से वो ‘आईजी शॉपिंग’ की लॉन्चिंग की तैयारियों में जुट गया है। मालूम हो कि इंस्टाग्राम पर लगभग 2.5 करोड़ कंपनियों और ब्रांड के अकाउंट मौजूद हैं।