तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उनकी हाल ही में हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की गई थी। इसके बाद अब वे फिजियोथेरेपी करा रहे हैं। दरअसल, 7 दिसंबर को एर्रावल्ली में अपने फार्महाउस में गिरने के बाद केसीआर की बाएं कूल्हे की सर्जरी की गई थी।
प्रधानमंत्री ने की थी जल्द ठीक होने की कामना
के. चंद्रशेखर राव के चोटिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसकी सेहत पर चिंता जताई थी और उनके जल्द ठीक होने की कामना की थी। उन्होंने ट्वीट किया था कि यह जानकर दुख हुआ कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर गारू को चोट लगी है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।
चुनावों में बीआरएस को मिली थी करारी शिकस्त
हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने केसीआर के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को करारी शिकस्त दी थी। केसीआर ने 2014 से 2023 तक तेलंगाना के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला था। केसीआर ने तेलंगाना में दो सीटों से चुनाव लड़ा था। उन्होंने गजवेल सीट जीती, लेकिन कामारेड्डी से हार का सामना करना पड़ा। वह कामारेड्डी सीट पर भाजपा के कटिपल्ली वेंकट रमण रेड्डी से हार गए, जिन्होंने इस सीट से केसीआर और रेवंत रेड्डी दोनों को हराया था।
ऐसे थे विधानसभा चुनाव के नतीजे
इससे पहले कांग्रेस के रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को 11 मंत्रियों के साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 119 सदस्यीय तेलंगाना विधानसभा में कांग्रेस ने 64 सीटें जीतीं, जबकि बीआरएस को केवल 39 सीटें मिलीं। 2014 में तेलंगाना के गठन के बाद से यह बीआरएस की पहली हार है।