केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में सतर्कता आयुक्त के रूप में दो लोगों की नाम की चर्चा जोरों पर है। ये दोनों नाम हैं- पूर्व आईबी प्रमुख अरविंद कुमार और पूर्व उपभोक्ता मामलों के सचिव अविनाश कुमार श्रीवास्तव। इस बात की भी चर्चा है कि सतर्कता आयुक्त सुरेश एन पटेल सीवीसी के प्रमुख के तौर पर नियुक्त हो सकते हैं।
दरअसल, पटेल जून 2021 से कार्यवाहक सीवीसी के तौर पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को तीन सदस्यीय समिति ने सीवीसी और सतर्कता आयुक्त पर निर्णय लेने के लिए बैठक की थी। बैठक में गृहमंत्री और विपक्ष के नेता भी शामिल हुए थे।
सूत्रों के मानें तो सीवीसी की नियुक्ति के लिए पटेल के नाम को मंजूरी दे दी गई है। वहीं, अरविंद और अविनाश सतर्कता आयुक्त के तौर पर नियुक्त हो सकते हैं। अभी नियुक्ति के संबंध में आदेश आना बाकी है।
अरविंद ने 30 जून को आंतरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया। वहीं 1982 बैच के आईएएस अविनाश जनवरी, 2020 में उपभोक्ता मामलों के सचिव के रूप में सेवानिवृत्त हुए।