नार्वे की प्रधानमंत्री एर्ना सोलबर्ग भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। आज उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। पीएम से मुलाकात के बाद सोलबर्ग ने उनके साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की।
वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावद जारिफ से मुलाकात की है। उनसे मुलाकात के बाद नितिन गडकरी ने कहा, "हमारे बीच चाबहार बंदरगाह पर अच्छी चर्चा हुई। बंदरगाह के लिए पहला जहाज पहले ही मिल चुका है। भारत सरकार ने ईरानियन बैंक की मुंबई में ब्रांच खोलने के लिए मंजूरी दे दी है। यह तीन महीने में खुल जाएगा, जिससे ट्रांजेक्शन और भी आसान हो जाएगी।"
ईरान के विदेश मंत्री ने गडकरी से मुलाकात के बाद कहा, "ईरान और भारत की अर्थव्यवस्था पूरक हैं। भारत के यूसीओ बैंक और ईरान के पसरगढ़ बैंक ने व्यवसाय के साथ शुरूआत कर दी है। हम आशा करते हैं कि अमेरिका के गैर कानूनी प्रतिबंधों के बावजूद, हम अपने लोगों के लाभ के लिए सहयोग कर सकेंगे।"
वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने स्पेन के विदेश मंत्री जोसेफ बेरेल से दिल्ली में मुलाकात की है।