महाराष्ट्र के नागपुर में कुछ घंटों की भारी बारिश से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। आलम ये है कि पूरे क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी भरने के कारण एक स्कूल में 70 छात्र फंस गए थे,जिन्हे सकुशल बचा लिया गया। मामले पर बोलते हुए महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 70 छात्र समेत 400 से अधिक लोगों को बाढ़ की स्थिति में रेस्क्यू किया गया। हालांकि भारी बारिश के कारण एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
क्षेत्र में देर रात दो बजे से सुबह चार तक तकरीबन 90 मिमी बारिश हुई। जिसके कारण आस-पास मौजूद घरों और रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया। सड़कें और नालों ने रौद्र रुप ले लिया। इसी स्थिति में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया है।
प्रेसवार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, बचाए गए लोगों को अस्थायी आश्रयों में स्थानांतरित कर दिया गया है। साथ ही, उन्हें हर जरुरी चीजें मुहैया कराई जा रही हैं।
अभी भी एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
सीएम ने लिया फोन के जरिए स्थिति का जायजा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने स्थिति का जायजा लेने के लिए नागपुर जिलाधिकारी से बात की। इस दौरान उन्होंने भारी बारिश से प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं देने का भी निर्देश दिया है। साथ ही रेस्क्यू के लिए अतिरिक्त टीमों को तैनात करने की बात भी कही। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की भी अपील की है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र अंबाझरी इलाके का केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दौरान किया है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा, यह अप्रत्याशित था। आगे के लिए हमारी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि लोगों को परेशाानी का सामना ही ना करना पड़े। नाग नदी विकास परियोजना पर काम चल रहा है। जिसमें ड्रेनेज सिस्टम और सीवेज सिस्टम की योजना है। हम पीने के पानी के लिए एक मास्टर प्लान बना रहे हैं।
मौसम विभान ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नागपुर केंद्र के अनुसार, नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों में अलग-अलग स्थानों पर "बिजली के साथ गंभीर/मध्यम तूफान" जारी रहने की संभावना है। चेतावनी में कहा गया कि इन इलाकों में ''अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश'' होने की भी संभावना है। वर्धा के कई स्थानों के साथ चंद्रपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।