उड़ीसा के मल्कानगिरी में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में पांच नक्सलियों को मार गिराया है। यह एनकाउंटर मल्कानगिरी के कालीमेडा में आज तड़के हुआ है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह राज्य के मलकानगिरी जिले के कलिमेदा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। इस मुठभेड़ में सुरक्षबलों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पांच नक्सलियों को मार गिराया गया है।
इससे पहले रविवार को पलामू जिले के केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और पलामू जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष तलाशी अभियान के तहत पांच राइफल और 153 कारतूस बरामद किए थे। सभी हथियार एवं कारतूस मनातू थानांतर्गत भाकपा (माओवादी) के नक्सलियों के घुमखांड गांव के समीप पहाड़ी के अड्डे से बरामद हुए थे।
पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा ने संवाददाताओं को बताया था कि माओवादियों ने इन हथियारों को भविष्य में इस्तेमाल करने के उद्देश्य से पत्थरों के बीच प्लास्टिक के थैले में तिरपाल से ढंक कर रखा था। उन्होंने बताया था कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस और पलामू पुलिस ने संयुक्त अभियान में तलाशी के दौरान हथियार और गोला-बारूद रविवार को बरामद हुए थे।