कोलकाता में एक कैंसर हॉस्पिटल में मंगलवार को आग लग गई है। अक्तूबर के बाद से आग लगने की यह तीसरी घटना है। अग्नि शमन अधिकारी का कहना है कि आग उत्तरी कोलकाता के चितरंजन नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट (सीएनसीआई) में लगी।
आग लगने के बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सीएनसीआई इंस्टीट्यूट केंद्रीय मंत्रालय के अंतर्गत आता है।
इंस्टीट्यूट के एक अधिकारी ने कहा, "हमारी तुरंत की गई कोशिश से आग नहीं फैली। यहां मरीज भी मौजूद थे। लैब को तुरंत खाली करवाया गया। हो सकता है कि आग से रिसर्च पेपर जल गए हों।"
इससे पहले 17 नवंबर को भी एक निर्माणाधीन इमारत में आग लग गई थी। 16 सितंबर को बागरी बाजार में आग लग गई थी। जहां कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। यह आग एयर कंडीशन्ड मशीन में लगी थी।
इससे पहले 12 नवंबर को कोलकाता स्कूल ऑफ ट्रॉपिकल मेडिसिन में आग लग गई थी। इसके अलावा 3 अक्तूबर को राज्य द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की फारमेसी में आग लग गई थी। आग लगने के दौरान करीब 200 लोगों को बाहर निकाला गया और 5 करोड़ रुपये की दवाईयां बर्बाद हो गईं।