सोशल मीडिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करने पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भाजपा के एक क्षेत्रीय नेता ने शिकायत की थी।
आरोपी पीएम मोदी और सीएम योगी पर सोशल मीडिया में कई बार टिप्पणी कर चुके हैं। इसके चलते पुलिस इनपर नजर बनाए हुए थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला यूपी के बलिया का है।
थाना अध्यक्ष जगदीश प्रसाद के मुताबिक बीजेपी नेता धर्म देव सिंह ने साहिल, इंदर कुमार, अनिल कुमार और सन्नी कुमार के खिलाफ भीमपुरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने हाल ही में फेसबुक और व्हाट्सअप पर एक वीडियो भी शेयर किया था जो काफी अपमानजनक था। वीडियो में पीएम मोदी और सीएम योगी को लेकर हिंदू देवी देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। इसके बाद थाने में आईपीसी और आईटी एक्ट के तहत आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि इससे पहले भी ऐसे कई मामले आ चुके हैं जिसके तहत कई बार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह के केस सामने आने के बाद कई बार सरकार और पुलिस द्वारा चेतावनी दी जा चुकी है लेकिन फिर भी लगातार ऐसे मामले बढ़ रहे हैं।